उत्तर प्रदेश में मानसून एक बार फिर जोर पकड़ता नजर आ रहा है। मौसम विभाग ने राज्य के करीब 45 जिलों में अगले 24 घंटे के भीतर भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 40–50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं और आकाशीय बिजली खतरा बन सकती है।
शनिवार सुबह से ही प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में बादलों का डेरा रहा। दिनभर कई जिलों में रुक-रुक कर तेज बारिश होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के मुताबिक, 23 अगस्त को पूर्वी यूपी के अधिकांश जिलों और पश्चिमी यूपी के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। साथ ही, कई जगहों पर भारी बारिश का भी अंदेशा है।
लखनऊ स्थित अमौसी मौसम केंद्र के अनुसार, 23 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है, जबकि 58 जिलों में बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए येलो अलर्ट लागू किया गया है।
शुक्रवार को बांदा, बस्ती, गाजीपुर, बाराबंकी, गोरखपुर, हमीरपुर और कानपुर देहात समेत कई जगहों पर बारिश दर्ज की गई। वहीं लखनऊ से वाराणसी और झांसी से नोएडा तक बादल छाए रहे।
नोएडा और गाजियाबाद में भी आज मौसम खुशनुमा रहेगा। यहां बारिश के साथ बिजली गिरने का खतरा है। गौतमबुद्ध नगर और गाजियाबाद में न्यूनतम तापमान 25–26 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम 33–34 डिग्री सेल्सियस तक रहने का अनुमान है। इन इलाकों में बादल और धूप दोनों का असर देखने को मिलेगा।
राजधानी लखनऊ और आसपास के जिले जैसे बाराबंकी, अमेठी, रायबरेली, उन्नाव और सीतापुर में भी शनिवार को बारिश की संभावना है। यह दौर अगले चार दिनों तक जारी रह सकता है।
मौसम विभाग ने शनिवार को बांदा, चित्रकूट, प्रयागराज, प्रतापगढ़, फतेहपुर, सोनभद्र, वाराणसी, मिर्जापुर, गाजीपुर, मथुरा, आगरा, अलीगढ़, इटावा, झांसी और ललितपुर समेत कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी दी है। वहीं अन्य जिलों में हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है।
बनारस हिंदू विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक प्रो. मनोज कुमार श्रीवास्तव के अनुसार, अगले चार दिनों तक यूपी में अच्छी बारिश होगी। इस दौरान अधिकतम तापमान 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान लगभग स्थिर रहेगा।










