बिहार में राष्ट्रीय जनता दल (RJD) को मिली बड़ी चुनावी हार के बाद पार्टी के अंदर तनाव बढ़ता दिख रहा है। इसी बीच लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर राजनीति से सन्यास लेने और परिवार से संबंध तोड़ने की घोषणा कर सबको चौंका दिया है।
रोहिणी ने अपने पोस्ट में लिखा, मैं राजनीति छोड़ रही हूं और अपने परिवार से नाता तोड़ रही हूं। संजय यादव और रमीज़ ने मुझसे यही करने को कहा था और मैं सारा दोष खुद पर ले रही हूं।
ध्यान देने वाली बात यह है कि पहले रोहिणी ने केवल राजनीति और परिवार से दूरी बनाने की बात लिखी थी, लेकिन बाद में उन्होंने पोस्ट एडिट कर संजय यादव और रमीज का नाम जोड़ा। उनके पोस्ट के दोनों वर्जन सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।
JDU ने साधा निशाना, कहा- RJD में परिवार की कलह उजागर”
रोहिणी के इस कदम पर जनता दल यूनाइटेड (JDU) ने तुरंत प्रतिक्रिया दी। जदयू प्रवक्ता नीरज यादव ने कहा कि RJD हमेशा से एक परिवार आधारित पार्टी रही है और अब उनकी आंतरिक कलह जनता के सामने आ गई है।
कौन हैं संजय यादव और रमीज?
-
संजय यादव — तेजस्वी यादव के करीबी माने जाते हैं और वर्तमान में राज्यसभा सांसद हैं। RJD की नीतियों और निर्णयों में उनकी अहम भूमिका है।
-
रमीज — तेजस्वी के बेहद नजदीकी माने जाते हैं। वह पार्टी में किसी आधिकारिक पद पर नहीं हैं, लेकिन तेजस्वी के साथ हमेशा दिखते हैं।
कई राजनीतिक समीक्षक मानते हैं कि हाल के दिनों में इन दोनों के प्रभाव को लेकर पार्टी के भीतर नाराजगी की स्थिति बनी हुई है।
पहले भी दिख चुकी है रोहिणी की नाराज़गी
यह पहली बार नहीं है जब रोहिणी आचार्य ने परिवार से दूरी बनाई हो। इसी वर्ष सितंबर में भी उन्होंने परिवार के लगभग सभी सदस्यों को सोशल मीडिया पर अनफॉलो कर दिया था। वर्तमान में वे केवल 5 लोगों को फॉलो करती हैं, जिसमें परिवार से सिर्फ उनकी बहन राजलक्ष्मी यादव शामिल हैं।










