वाराणसी के आदमपुर थाना क्षेत्र के मुकिमगंज इलाके में मंदिर के पास शराब की दुकान खोले जाने को लेकर स्थानीय महिलाओं का गुस्सा फूट पड़ा। बड़ी संख्या में महिलाएं सड़क पर उतर आईं और जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान इलाके में काफी देर तक तनावपूर्ण माहौल बना रहा।
प्रदर्शन कर रही महिलाओं का कहना है कि जिस स्थान पर शराब की दुकान खोली गई है, वहां हर साल नवरात्र के दौरान पूजा पंडाल लगाया जाता है। ऐसे में मंदिर के पास शराब की दुकान खुलने से धार्मिक वातावरण प्रभावित होगा और असामाजिक गतिविधियों को बढ़ावा मिल सकता है।
महिलाओं ने प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों को नजरअंदाज किया गया तो वे आंदोलन को और तेज करेंगी। उनका साफ कहना है कि धार्मिक स्थल के आसपास इस तरह की दुकानों की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए।
विरोध की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालने का प्रयास किया। पुलिस ने महिलाओं को समझाने की कोशिश की और मामले को शांत कराने में जुटी रही।
स्थानीय लोगों ने भी महिलाओं के आंदोलन का समर्थन करते हुए कहा कि प्रशासन को इस मामले में संवेदनशीलता दिखानी चाहिए और जल्द से जल्द उचित निर्णय लेना चाहिए, ताकि इलाके की शांति और धार्मिक वातावरण बना रहे।









