उद्योगपति अनिल अंबानी की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। शनिवार सुबह केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने मुंबई में उनके आवास और रिलायंस कम्युनिकेशंस (RCOM) से जुड़े ठिकानों पर छापेमारी की। यह कार्रवाई 17,000 करोड़ रुपये के बैंक फ्रॉड मामले से जुड़ी जांच के तहत की गई है।
सुबह-सुबह CBI की कार्रवाई
जानकारी के मुताबिक, शनिवार सुबह करीब सात बजे सीबीआई की एक टीम कफ परेड स्थित सीविंड सोसाइटी में अंबानी के घर पहुंची। सूत्रों का कहना है कि करीब 7–8 अधिकारी घर के अंदर तलाशी ले रहे हैं। इस दौरान अनिल अंबानी और उनके परिवार के सदस्य भी मौजूद रहे।
ED के बाद CBI की जांच
इससे पहले 4 अगस्त को प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने भी अनिल अंबानी की कंपनियों से जुड़े इसी मामले में छापेमारी की थी। ईडी ने अनिल अंबानी और उनकी कंपनियों के वरिष्ठ अधिकारियों से पूछताछ भी की थी। अब सीबीआई ने भी इस केस में सक्रियता बढ़ा दी है।
लोन की रकम कहां गई?
जांच एजेंसियों का शक है कि अनिल अंबानी की कंपनियों ने यस बैंक से जो हजारों करोड़ का लोन लिया था, उसकी रकम ग्रुप की दूसरी कंपनियों या शेल कंपनियों में ट्रांसफर की गई। अनिल अंबानी ने ईडी से डॉक्यूमेंट जमा करने के लिए 10 दिन का समय मांगा था, लेकिन अधिकारियों का कहना है कि उन्होंने पूरी तरह सहयोग नहीं किया।
SBI को 2000 करोड़ का नुकसान
पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, सीबीआई ने रिलायंस कम्युनिकेशंस के खिलाफ मामला दर्ज किया है क्योंकि इस कथित धोखाधड़ी से भारतीय स्टेट बैंक (SBI) को ही करीब 2,000 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। एजेंसियां अब लोन की रकम के दुरुपयोग की गहराई से जांच कर रही हैं।










