CBSE पोर्टल को हैक करने की कोशिश, 2 मिनट में भेजे गए 15 लाख हिट्स

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सीबीएसई बोर्ड के री-इवैल्यूएशन पोर्टल को लेकर एक बड़ा खुलासा हुआ है। बोर्ड ने बताया कि री-इवैल्यूएशन प्रक्रिया के दौरान पोर्टल पर साइबर हमला करने की कोशिश की गई, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था के चलते इसे समय रहते विफल कर दिया गया।

सीबीएसई के अनुसार, री-इवैल्यूएशन पोर्टल फिलहाल एक समय में 8,000 से अधिक यूजर्स को सपोर्ट कर रहा है। मंगलवार दोपहर 3 बजे तक 16,000 से ज्यादा छात्र सफलतापूर्वक अपने आवेदन जमा कर चुके थे।

पोर्टल पर हुआ DoS अटैक

बोर्ड द्वारा जारी जानकारी के मुताबिक, बड़ी संख्या में छात्र पोर्टल का उपयोग कर रहे थे, तभी कुछ शरारती तत्वों ने वेबसाइट को प्रभावित करने का प्रयास किया। हालिया साइबर हमले में डिनायल ऑफ सर्विस (DoS) अटैक करने की कोशिश की गई।

सीबीएसई ने बताया कि मात्र दो मिनट के भीतर पोर्टल पर करीब 15 लाख हिट्स भेजी गईं। इसके अलावा एक लाख से अधिक बार अनधिकृत तरीके से फाइलों तक पहुंचने का प्रयास भी किया गया। हालांकि बोर्ड की साइबर सुरक्षा टीम ने इन गतिविधियों को तुरंत पहचान लिया और किसी भी तरह की क्षति होने से पहले ही उन्हें रोक दिया।

छात्रों का डेटा और आवेदन सुरक्षित

सीबीएसई ने स्पष्ट किया कि साइबर हमले के बावजूद पोर्टल पूरी तरह सुरक्षित रहा और छात्रों के आवेदन या डेटा पर कोई असर नहीं पड़ा। बोर्ड की तकनीकी टीम लगातार पोर्टल की निगरानी कर रही है ताकि छात्रों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

छात्रों के सुझाव पर किए गए बदलाव

बोर्ड ने बताया कि छात्रों से मिले फीडबैक के आधार पर री-इवैल्यूएशन पोर्टल में कई महत्वपूर्ण सुधार किए गए हैं। इनमें सबसे प्रमुख बदलाव सेशन टाइम लिमिट को बढ़ाना है।

अब छात्रों को आवेदन फॉर्म भरने और जरूरी दस्तावेज अपलोड करने के लिए पहले की तुलना में अधिक समय मिलेगा, जिससे प्रक्रिया और अधिक आसान और सुविधाजनक हो सकेगी।

सीबीएसई ने छात्रों से अपील की है कि वे केवल आधिकारिक पोर्टल का ही उपयोग करें और किसी भी अफवाह या फर्जी वेबसाइट से सावधान रहें।

News Rastra
Author: News Rastra

Leave a Comment

और पढ़ें