अयोध्या में दीपोत्सव का भव्य आयोजन अब अपने अंतिम चरण में पहुंच चुका है। इस बार 26 लाख से अधिक दीपों से पूरी रामनगरी रोशन होगी। साथ ही 2100 श्रद्धालु सामूहिक महाआरती कर एक नया विश्व रिकॉर्ड बनाने की तैयारी में हैं।
“एक दीया राम के नाम” से जुड़ेगा पूरा विश्व
डिजिटल युग में कदम बढ़ाते हुए पर्यटन विभाग ने “एक दीया राम के नाम” अभियान की शुरुआत की है। इसके तहत दुनिया के किसी भी कोने में बैठे श्रद्धालु ऑनलाइन पंजीकरण कर वर्चुअल दीप जला सकते हैं और भगवान श्रीराम को अपनी श्रद्धा अर्पित कर सकते हैं।
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि दीपोत्सव अब वैश्विक आयोजन बन चुका है, जो देश-दुनिया के करोड़ों रामभक्तों को जोड़ रहा है। श्रद्धालु “दिव्य अयोध्या” ऐप के माध्यम से डिजिटल दीप जलाने के साथ-साथ विशेष प्रसाद भी अपने घर मंगवा सकते हैं।
भक्तों के लिए तीन डिजिटल पैकेज
इस साल श्रद्धालुओं के लिए तीन विशेष पैकेज तैयार किए गए हैं—
-
राम ज्योति (₹2100) – इसमें रोली, सरयू जल (पीतल के लोटे में), अयोध्या रज, रामदाना, मिश्री, रक्षा सूत्र, हनुमानगढ़ी के लड्डू और चरण पादुका (खड़ाऊ) शामिल हैं। ऑनलाइन संकल्प पूरा करने पर यह प्रसाद घर तक पहुंचाया जाएगा।
-
सीता ज्योति (₹1100) – माता सीता को समर्पित इस पैकेज में रोली, सरयू जल, रामदाना, रक्षा सूत्र, और हनुमानगढ़ी के लड्डू रखे गए हैं।
-
लक्ष्मण ज्योति (₹501) – इसमें रोली, अयोध्या रज, रामदाना, रक्षा सूत्र और मिश्री शामिल हैं।
मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि ‘दिव्य अयोध्या’ ऐप गूगल प्ले स्टोर से डाउनलोड किया जा सकता है, जहां से भक्त पंजीकरण कर डिजिटल दीपोत्सव में भाग ले सकते हैं।










