लखनऊ। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान की जेल से रिहाई के बाद उनकी वापसी का असर अब सपा मुख्यालय पर भी दिखाई देने लगा है। लखनऊ स्थित पार्टी दफ्तर के बाहर अल्पसंख्यक नेताओं ने बड़े-बड़े बैनर और होर्डिंग्स लगाकर उनका स्वागत किया है। इन पोस्टरों में शायराना अंदाज में आजम खान की वापसी का जश्न मनाया जा रहा है।
कार्यकर्ताओं में जश्न और उत्साह
आजम खान की रिहाई के दिन ही पार्टी कार्यालय के बाहर सपा कार्यकर्ताओं ने मिठाई बांटकर खुशी जाहिर की थी। अब इन बैनर्स के जरिए कार्यकर्ताओं का उत्साह और साफ झलक रहा है। इसी बीच, 8 अक्टूबर को सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव रामपुर जाकर आजम खान से मुलाकात करेंगे।
राजनीति में हलचल
9 अक्टूबर को बसपा प्रमुख मायावती की रैली प्रस्तावित है। ऐसे में राजनीतिक गलियारों में अटकलें थीं कि आजम खान पार्टी बदल सकते हैं, लेकिन उनकी हालिया गतिविधियों ने इन चर्चाओं पर विराम लगा दिया है। इससे सपा कार्यकर्ताओं को राहत मिली है कि आजम पार्टी के साथ ही बने रहेंगे।
बीजेपी का पलटवार
वहीं, बीजेपी ने इस स्वागत और पोस्टरबाजी पर निशाना साधा है। पार्टी प्रवक्ताओं ने कहा कि सपा का यह उत्सव उनकी घबराहट का नतीजा है। उनका कहना है कि अखिलेश यादव का रामपुर जाना और होर्डिंग्स लगाना, सब आजम खान के समर्थकों के दबाव में हो रहा है।










