पटना। प्रशांत किशोर की अगुवाई वाली जन सुराज पार्टी को एक और बड़ा झटका लगा है। मशहूर भोजपुरी गायक और अभिनेता रितेश पांडेय ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने यह जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर साझा करते हुए अपने फैसले की वजह भी बताई।
रितेश पांडेय ने भावुक पोस्ट में लिखा कि एक जिम्मेदार नागरिक के तौर पर उन्होंने जन सुराज पार्टी के साथ जुड़कर लोकतंत्र के महापर्व में भाग लिया। चुनावी नतीजे भले ही उनके पक्ष में नहीं रहे, लेकिन उन्हें इसका कोई अफसोस नहीं है, क्योंकि उन्होंने अपना काम पूरी ईमानदारी से किया।
उन्होंने आगे लिखा कि एक किसान परिवार से आने वाले साधारण लड़के को जनता ने जो प्यार, सम्मान और समर्थन दिया है, उसके लिए वे हमेशा आभारी रहेंगे। हालांकि, उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि किसी राजनीतिक दल के सक्रिय सदस्य के रूप में रहकर समाज सेवा और अपने काम को आगे बढ़ाना उनके लिए काफी कठिन हो गया था। इसी कारण उन्होंने जन सुराज पार्टी की सदस्यता से इस्तीफा देने का फैसला किया।
चुनाव में मिली थी हार
रितेश पांडेय ने 18 जुलाई 2025 को जन सुराज पार्टी का दामन थामा था। पार्टी ने उन्हें बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में रोहतास जिले की करगहर सीट से उम्मीदवार बनाया था। हालांकि चुनाव में उन्हें सफलता नहीं मिल सकी। रितेश को 16,298 वोट मिले, जबकि जदयू के उम्मीदवार वशिष्ठ सिंह ने 92,485 वोट हासिल कर जीत दर्ज की।
बिना राजनीति के जारी रखेंगे जनसेवा
इस्तीफे के बाद रितेश पांडेय ने साफ किया है कि वे अब किसी राजनीतिक दल से जुड़े बिना अपनी गायकी और जनसेवा का काम जारी रखेंगे। उनके इस फैसले को चुनावी हार के बाद जन सुराज पार्टी के लिए एक और बड़ा राजनीतिक झटका माना जा रहा है।










