योगी सरकार का बड़ा एक्शन : माफिया मुख्तार अंसारी की जमीन से कब्जा हटाकर गरीबों को दिए 72 फ्लैट

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सख्त कार्रवाई से राजधानी लखनऊ में माफिया राज पर एक और बड़ी चोट की गई है। सरकार ने माफिया मुख्तार अंसारी के कब्जे से हजरतगंज स्थित 2,322 वर्गमीटर की बेशकीमती जमीन को कब्जा मुक्त कराया है।

सरकार ने इस जमीन पर गरीबों के लिए 72 फ्लैटों का निर्माण कराया है, जिन्हें तीन ब्लॉकों में बांटा गया है। प्रत्येक फ्लैट 36.65 वर्गमीटर क्षेत्रफल में ईडब्ल्यूएस (आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग) के लोगों के लिए बनाया गया है।

यह आवासीय योजना 20 मीटर चौड़ी बंधा रोड पर स्थित है, जो बालू अड्डा, 1090 चौराहा, नरही, सिकंदरबाग और हजरतगंज चौराहे से महज 5 से 10 मिनट की दूरी पर है।

माफियाओं पर योगी सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत प्रदेश भर में माफियाओं और भू-माफियाओं के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी है। सरकार अब तक 20 बीघा से अधिक बेशकीमती जमीन को माफिया कब्जे से मुक्त करा चुकी है।

इन्हीं जमीनों पर गरीबों और निम्न आय वर्ग के लोगों के लिए 700 नए फ्लैटों के निर्माण की प्रक्रिया चल रही है।
इनमें से 150 फ्लैट नैनी, 200 झूंसी और 350 झलवा में बनाए जा रहे हैं। इन परियोजनाओं का ब्लूप्रिंट लगभग तैयार है।

साढ़े आठ साल में 66 हजार हेक्टेयर जमीन मुक्त

पिछले साढ़े आठ वर्षों में योगी सरकार ने अपराधियों और भू-माफियाओं के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी मुहिम चलाई है।
सरकार द्वारा गठित चार स्तरीय एंटी भू-माफिया टास्क फोर्स की कार्रवाई में अब तक 66,000 हेक्टेयर से अधिक जमीन अवैध कब्जे से मुक्त कराई जा चुकी है।

वहीं, 142 अतिक्रमणकारियों को भू-माफिया के रूप में चिन्हित कर उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की गई है।

प्रयागराज में भी चला बुलडोजर

प्रयागराज में भी सरकार ने माफिया अतीक अहमद के कब्जे से लूकरगंज स्थित 15,000 वर्गफुट जमीन को कब्जा मुक्त कराया था। इस जमीन पर चार मंजिला टॉवर में 76 फ्लैटों का निर्माण किया गया, जिन्हें गरीब परिवारों को आवंटित किया गया है।

साल 2023 में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने खुद इन परिवारों को फ्लैट की चाबी सौंपकर उनका सपना पूरा किया था।

सरदार पटेल आवासीय योजना बनी मिसाल

मुख्तार अंसारी के कब्जे से मुक्त कराई गई जमीन पर सरदार पटेल आवासीय योजना के तहत फ्लैट बनाए गए हैं। इस योजना में निम्न आय वर्ग के 72 लोगों को लॉटरी के माध्यम से आवास आवंटित किया गया है। मुख्यमंत्री योगी द्वारा इन परिवारों को स्वयं फ्लैट की चाबियाँ सौंपी जा चुकी हैं।

यह पहली बार है जब अमीरों के इलाके हजरतगंज में गरीबों को अपना घर मिला है। सरकार की यह पहल सामाजिक समानता और जनकल्याण की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम मानी जा रही है।

गरीबों को मिला आशियाना

योगी सरकार ने एक ओर जहाँ माफियाओं की अवैध संपत्तियों पर बुलडोजर चलाया, वहीं दूसरी ओर उन्हीं जमीनों पर गरीबों के लिए आशियाने बनवाकर नई मिसाल पेश की है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि “अब अपराधियों की संपत्ति पर गरीबों का हक होगा, न कि माफियाओं का।”

News Rastra
Author: News Rastra

Leave a Comment

और पढ़ें