PM मोदी ने राष्ट्र को किया संबोधित : महिला आरक्षण बिल पर कांग्रेस-सपा समेत विपक्ष को घेरा, बोले- स्वार्थी राजनीति के…

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

नई दिल्ली। नरेंद्र मोदी ने शनिवार को राष्ट्र को संबोधित करते हुए महिला आरक्षण विधेयक के लोकसभा में पारित न होने पर गहरी नाराजगी जताई और विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि यह केवल एक बिल का गिरना नहीं, बल्कि देश की नारी शक्ति के सपनों को कुचलने जैसा है।

प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन की शुरुआत करते हुए कहा, “आज मैं अपनी बहनों और बेटियों से बात करने के लिए आया हूं। देश देख रहा है कि किस तरह नारी शक्ति की उड़ान को रोक दिया गया। हमारे प्रयासों के बावजूद नारी शक्ति वंदन अधिनियम पास नहीं हो पाया, इसके लिए मैं देश की माताओं-बहनों से क्षमा चाहता हूं।”

उन्होंने आगे कहा कि उनके लिए देशहित सर्वोपरि है, लेकिन कुछ राजनीतिक दलों के लिए दलहित देशहित से बड़ा हो गया है, जिसका खामियाजा महिलाओं को भुगतना पड़ा है। प्रधानमंत्री ने आरोप लगाया कि भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस, डीएमके, तृणमूल कांग्रेस और समाजवादी पार्टी जैसी पार्टियों की स्वार्थी राजनीति के कारण यह बिल पास नहीं हो सका।

प्रधानमंत्री मोदी ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि ये पार्टियां महिलाओं के अधिकार छीनने के बाद भी तालियां बजा रही थीं। “ये केवल मेज थपथपाना नहीं था, बल्कि नारी के आत्मसम्मान पर चोट थी।

उन्होंने चेतावनी दी कि महिला आरक्षण का विरोध करने का राजनीतिक नुकसान विपक्ष को उठाना पड़ेगा, क्योंकि 21वीं सदी की नारी सब कुछ देख और समझ रही है। पीएम मोदी ने कहा कि यह मुद्दा आने वाले समय में चुनावी राजनीति पर असर डालेगा।

साथ ही, प्रधानमंत्री ने समाजवादी पार्टी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि उसने इस बिल का विरोध कर डॉ. लोहिया के आदर्शों को ठेस पहुंचाई है। कांग्रेस पर हमला करते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी ने तीन तलाक, अनुच्छेद 370 और अब महिला आरक्षण जैसे अहम सुधारों का भी विरोध किया है।

पीएम मोदी ने कहा कि महिला आरक्षण का यह प्रस्ताव 40 साल से लंबित था और इसे लागू कर देश की आधी आबादी को उनका अधिकार देने की कोशिश की गई थी। उन्होंने विपक्ष पर आरोप लगाया कि परिवारवादी राजनीति के चलते वे महिलाओं को आगे बढ़ते नहीं देखना चाहते।

अंत में प्रधानमंत्री ने भरोसा दिलाया कि सरकार महिला आरक्षण के रास्ते में आने वाली हर बाधा को दूर करेगी। उन्होंने कहा, “भले ही संसद में हमें जरूरी बहुमत न मिला हो, लेकिन देश की 100 फीसदी नारी शक्ति का आशीर्वाद हमारे साथ है।”

News Rastra
Author: News Rastra

Leave a Comment

और पढ़ें