लखनऊ I उत्तर प्रदेश सरकार ने हृदय रोगियों के लिए एक ऐतिहासिक और जनहितकारी कदम उठाया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हार्ट अटैक के गंभीर मरीजों को 40–50 हजार रुपये कीमत वाला जीवनरक्षक इंजेक्शन ‘टेनेक्टेप्लेस’ पूरी तरह मुफ्त देने का फैसला लिया है। यह इंजेक्शन अब प्रदेश के सभी सरकारी अस्पतालों में उपलब्ध कराया जाएगा।
क्यों है यह इंजेक्शन इतना जरूरी?
यह विशेष इंजेक्शन स्टेमी (STEMI – ST Segment Elevation Myocardial Infarction) वाले हार्ट अटैक मरीजों के लिए जीवनरक्षक माना जाता है। इस स्थिति में रक्त की धमनियों में खतरनाक थक्का बन जाता है।
डॉक्टर्स के अनुसार,
-
हार्ट अटैक के पहले 1 घंटे (गोल्डन आवर) में यह इंजेक्शन मिल जाए, तो मरीज की जान 80% तक बचाई जा सकती है।
इसी अहमियत को देखते हुए राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) और राज्य स्वास्थ्य विभाग ने संयुक्त रूप से इसे मुफ्त उपलब्ध कराने की योजना शुरू की है।
अयोध्या में सफल ट्रायल, अब पूरे यूपी में लागू
इस योजना का पहले अयोध्या जिले में ट्रायल किया गया।
-
यहां के 9 अस्पतालों में यह सुविधा लागू की गई
-
पिछले कुछ महीनों में 30 से अधिक गंभीर मरीजों को यह इंजेक्शन मुफ्त में दिया गया
-
परिणाम बेहद सकारात्मक रहे
अब यह सुविधा लखनऊ, कानपुर, वाराणसी सहित सभी प्रमुख जिलों के सरकारी अस्पतालों में भी जल्द शुरू की जाएगी।
सीएम योगी ने दिया स्पष्ट निर्देश
सीएम योगी ने इसे लागू करते हुए कहा “हृदय रोग तेजी से युवाओं में भी बढ़ रहा है। गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों पर इलाज का भारी बोझ पड़ता है। इसलिए यह कदम आवश्यक है। लोगों को जागरूक किया जाए ताकि हार्ट अटैक के शुरुआती लक्षण दिखते ही तुरंत अस्पताल पहुंचें। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को राज्यभर में जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश भी दिए हैं।
महंगी एंजियोप्लास्टी से भी बचा सकता है यह इंजेक्शन
विशेषज्ञ बताते हैं कि यह इंजेक्शन धमनियों में बने रक्त के थक्के को तुरंत घोलता है। हृदय में रक्त प्रवाह बहाल करता है। इससे कई मामलों में एंजियोप्लास्टी जैसी महंगी प्रक्रिया की जरूरत नहीं पड़ती। हालांकि गंभीर मामलों में एंजियोप्लास्टी फिर भी करनी पड़ सकती है।
निजी अस्पताल भी होंगे शामिल
स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि यह सुविधा केवल सरकारी अस्पतालों तक सीमित नहीं रहेगी।
-
निजी अस्पतालों के साथ समन्वय कर इसे और प्रभावी बनाया जाएगा।
-
मेडिकल स्टाफ के लिए विशेष ट्रेनिंग प्रोग्राम भी चलाए जाएंगे, खासकर ग्रामीण क्षेत्रों में।
लाखों मरीजों को मिलेगी राहत
इस निर्णय से प्रदेश के लाखों हृदय रोगियों को बड़ा राहत मिलेगी। विपक्ष ने भी इस फैसले का स्वागत किया, हालांकि सवाल उठाया कि क्या यह सुविधा पूरे राज्य में समान रूप से उपलब्ध कराई जाएगी? सरकार का दावा है कि जल्द ही इंजेक्शन हर जिले में उपलब्ध होगा।










