बिहार विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद जहां राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज है, वहीं आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के घर के अंदर भी घमासान गहराता जा रहा है। पारिवारिक विवाद अब इतना बढ़ गया है कि एक के बाद एक बेटियां घर छोड़ रही हैं। पहले रोहिणी आचार्य ने गंभीर आरोप लगाते हुए घर छोड़ा था, और अब रागिनी यादव, चंदा यादव और राजलक्ष्मी यादव भी घर छोड़कर निकल गई हैं।
तीनों बेटियां बच्चों के साथ दिल्ली रवाना
सूत्रों के मुताबिक रविवार को लालू यादव की तीनों बेटियां अपने बच्चों के साथ पटना से दिल्ली चली गईं। पटना एयरपोर्ट पर उनकी मौजूदगी की तस्वीरें सामने आईं, लेकिन इस दौरान किसी ने भी मीडिया से बात नहीं की। इससे स्पष्ट है कि परिवार में चल रहा विवाद अब काफी गंभीर रूप ले चुका है।
रोहिणी आचार्य के आरोपों ने बढ़ाई आग
शनिवार को रोहिणी आचार्य ने सोशल मीडिया पर कई पोस्ट करके बड़ा धमाका किया था। अपने पोस्ट में उन्होंने दावा किया कि उनके साथ घर में बदसलूकी की गई। उनके भाई तेजस्वी यादव पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय यादव और तेजस्वी के करीबी सहयोगी रमीज ने न सिर्फ उन्हें अपमानित किया, बल्कि गंदी गालियां दीं। रोहिणी ने यह भी आरोप लगाया कि उन्हें चप्पल उठाकर मारने की कोशिश की गई।
रोहिणी ने परिवार और राजनीति से नाता तोड़ने का ऐलान किया
रोहिणी ने पोस्ट में साफ कहा कि अब वह राजनीति छोड़ रही हैं और परिवार से भी दूरी बना रही हैं। उनका कहना था कि जब उन्होंने घर में पार्टी की कुछ नीतियों पर बात की, तभी यह विवाद सामने आया।
तेज प्रताप यादव भी उतरे समर्थन में
विवाद बढ़ने के बाद लालू यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव भी बहन रोहिणी के समर्थन में उतर आए। उन्होंने कहा, “मेरी बहन के साथ हुई बदसलूकी किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं है।” अगर पिताजी इशारा कर दें तो मैं सबको ठीक कर दूंगा। बिहार की जनता जयचंदों को माफ नहीं करेगी।”
तेज प्रताप ने बिना नाम लिए तेजस्वी के करीबी लोगों पर निशाना साधा और कहा कि अब बिहार की जनता ऐसे लोगों को सबक सिखाने के लिए तैयार बैठी है।
परिवार में कलह बढ़ता ही जा रहा है
लालू प्रसाद यादव का परिवार जो हमेशा चर्चा में रहा है, लेकिन इस बार का विवाद काफी गंभीर दिख रहा है। पहले रोहिणी और अब तीन और बेटियों के घर छोड़ने से साफ है कि मामला अब केवल घरेलू विवाद नहीं रहा, बल्कि यह आरजेडी की राजनीति और परिवार की एकजुटता पर बड़ा सवाल बन चुका है।










