कफ सिरप केस में बड़ा खुलासा : 2500 मोबाइल नंबर एसआईटी के रडार पर, 40 युवक बनारस से फरार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

वाराणसी। कोडीन युक्त कफ सिरप तस्करी के बड़े मामले में कमिश्नरेट पुलिस की विशेष जांच टीम (SIT) ने जांच और तेज कर दी है। शैली ट्रेडर्स के प्रोपराइटर भोला प्रसाद जायसवाल और उसके बेटे, 75 हजार रुपये के इनामी मास्टरमाइंड शुभम जायसवाल से जुड़े नेटवर्क की परतें अब एक-एक कर खुल रही हैं।

2500 मोबाइल नंबरों की जांच, 40 युवक गायब

एसआईटी ने इस पूरे नेटवर्क से जुड़े करीब 2500 मोबाइल नंबरों को निगरानी में लिया है। जांच के दौरान सामने आया है कि पक्के महाल, मैदागिन, सप्तसागर दवा मंडी और आसपास के इलाकों के लगभग 40 युवक अचानक बनारस छोड़कर फरार हो गए हैं। पुलिस इनकी लोकेशन ट्रेस कर रही है। जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि कई युवकों ने पिछले तीन वर्षों में होटल, गेस्ट हाउस और प्रॉपर्टी डीलिंग जैसे कारोबारों में भारी निवेश किया है। कोतवाली थाने में कुछ संदिग्ध युवकों से पूछताछ भी की जा चुकी है।

छात्र नेताओं तक पहुंचा नेटवर्क

एसआईटी की पड़ताल में हरिश्चंद्र पीजी कॉलेज के कुछ पूर्व छात्र नेताओं की संलिप्तता भी सामने आई है। शैली ट्रेडर्स के संपर्क में रहने वालों की एक लंबी सूची तैयार की गई है, जिसमें औसानगंज निवासी पिता-पुत्र और उनके रिश्तेदारों की भूमिका उजागर हुई है। तस्करी के इस नेटवर्क में सबसे अधिक पक्के महाल इलाके के युवकों को शामिल किया गया था।

गैर-जमानती वारंट, ब्लू कॉर्नर नोटिस जारी

सिगरा थाना क्षेत्र के बादशाहबाग कॉलोनी निवासी मास्टरमाइंड शुभम जायसवाल, खोजवा के दिवेश जायसवाल और सोनिया क्षेत्र के अमित जायसवाल के खिलाफ अदालत से गैर-जमानती वारंट जारी किए गए हैं। वहीं शुभम जायसवाल के खिलाफ इंटरनेशनल स्तर पर ब्लू कॉर्नर नोटिस भी जारी किया गया है।

करोड़ों की संपत्ति जांच के घेरे में

अधिकारियों के मुताबिक आरोपियों की संपत्तियों पर शिकंजा कसा जा रहा है। शुभम जायसवाल और भोला प्रसाद जायसवाल के करीबियों की संपत्तियों का रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है। पिछले तीन साल में अचानक खड़ी हुई करोड़ों की संपत्तियों के स्रोत और आय के तरीकों की गहन जांच की जा रही है। इससे पहले ही एनडीपीएस एक्ट के तहत भोला प्रसाद जायसवाल और उसके परिवार की 30 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति जब्त की जा चुकी है।

एसआईटी की जांच में फर्जी लाइसेंस, नकली बिलिंग और अवैध सप्लाई के बड़े सिंडिकेट का खुलासा हुआ है। पुलिस का कहना है कि जांच अभी जारी है और आने वाले दिनों में इस मामले में और भी बड़े खुलासे व गिरफ्तारियां हो सकती हैं।

News Rastra
Author: News Rastra

Leave a Comment

और पढ़ें