Union Budget 2026 : CM योगी ने बजट को बताया दूरदर्शी, कहा- यूपी को मिलेंगे कई बड़े फायदे

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को लखनऊ में केंद्रीय बजट 2026-27 पर प्रेस वार्ता करते हुए इसे दूरदर्शी और भविष्य को आकार देने वाला बजट बताया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के प्रति आभार जताते हुए कहा कि यह बजट सुधार, विकास और वित्तीय अनुशासन का स्पष्ट रोडमैप पेश करता है, जो आने वाली पीढ़ियों के लिए मजबूत आधार तैयार करेगा।

सीएम योगी ने कहा कि बीते 11 वर्षों में केंद्र सरकार की नीतियां केवल घोषणाओं तक सीमित नहीं रहीं, बल्कि जमीन पर दिखाई दी हैं। इसका परिणाम यह है कि 25 करोड़ से ज्यादा लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं और भारत विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था के रूप में उभर रहा है। उन्होंने बजट को गरीब, किसान, युवा और महिलाओं को केंद्र में रखकर तैयार किया गया समावेशी बजट बताया।

यूपी को मिलेंगे कई बड़े फायदे

मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्रीय बजट के प्रावधान उत्तर प्रदेश के लिए विशेष रूप से लाभकारी साबित होंगे।

एमएसएमई सेक्टर को मजबूती:

10 हजार करोड़ रुपये के प्रावधान से यूपी के 96 लाख से अधिक एमएसएमई यूनिट्स को सीधा फायदा मिलेगा। वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट (ODOP) योजना को डिजाइन, पैकेजिंग, ब्रांडिंग और निर्यात के स्तर पर और मजबूती मिलेगी।

महिला सशक्तिकरण पर जोर:

सीएम योगी ने कहा कि महिला कार्यबल तेजी से बढ़ रहा है। पहले जहां सात हॉस्टल स्वीकृत हुए थे, अब हर जिले में कामकाजी महिलाओं के लिए हॉस्टल की व्यवस्था एक बड़ा और सकारात्मक कदम है।

पर्यटन और माघ मेला:

माघ मेले में रिकॉर्ड संख्या में श्रद्धालुओं की मौजूदगी से पर्यटन को नई ऊंचाई मिली है। मकर संक्रांति पर ढाई करोड़ और मौनी अमावस्या पर साढ़े चार करोड़ श्रद्धालुओं की भीड़ इसका उदाहरण है। बजट में 10 हजार टूरिस्ट गाइड तैयार करने का प्रावधान यूपी के पर्यटन स्थलों को नई पहचान देगा।

इलेक्ट्रॉनिक्स और सेमीकंडक्टर हब:

सीएम योगी ने बताया कि देश के कुल मोबाइल उत्पादन का 55 प्रतिशत और इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग का 60 प्रतिशत यूपी में हो रहा है। दो लाख करोड़ रुपये के उत्पादन के साथ सेमीकंडक्टर पार्क से राज्य को बड़ा लाभ मिलेगा।

स्वास्थ्य और इंफ्रास्ट्रक्चर में सुधार:

प्रदेश के 98 जिला अस्पतालों की क्षमता दोगुनी की जाएगी और ट्रॉमा सेंटर स्थापित होंगे, जिससे ‘गोल्डन ऑवर’ में लोगों की जान बचाई जा सकेगी। मेडिकल टूरिज्म को बढ़ावा मिलेगा और वाराणसी में आयुर्वेद विश्वविद्यालय की स्थापना होगी।

खेल और अन्य क्षेत्र:

समर्थ योजना के तहत स्पोर्ट्स मैन्युफैक्चरिंग को बढ़ावा मिलेगा। मेरठ स्पोर्ट्स क्लस्टर और आगरा-लखनऊ लेदर क्लस्टर के विकास से रोजगार के नए अवसर बनेंगे। खेल अकादमियों और संस्थानों की स्थापना भी की जाएगी।

लाखों रोजगार के अवसर

मुख्यमंत्री ने कहा कि इंफ्रास्ट्रक्चर, लॉजिस्टिक्स, शहरी विकास, स्वास्थ्य, पर्यटन, एमएसएमई और उद्योग से जुड़े प्रावधानों से यूपी में लाखों नए रोजगार सृजित होंगे। सेमीकंडक्टर और लॉजिस्टिक्स सेक्टर युवाओं के लिए बड़े अवसर लेकर आएंगे।

सीएम योगी ने इसे ‘कर्तव्य भवन’ से प्रस्तुत पहला बजट बताते हुए कहा कि यह नागरिकों के मूल कर्तव्यों की भी याद दिलाता है। उन्होंने यह भी कहा कि वित्त आयोग की रिपोर्ट में उत्तर प्रदेश को सबसे ज्यादा हिस्सेदारी मिलेगी।

अंत में मुख्यमंत्री ने कहा कि इसी केंद्रीय बजट के आधार पर फरवरी में उत्तर प्रदेश का बजट पेश किया जाएगा। विपक्ष पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि कुछ लोग इसे केवल पीडीए की नजर से देखते हैं, जबकि आज प्रदेश का युवा आत्मगौरव के साथ आगे बढ़ रहा है और विकास की मुख्यधारा में शामिल हो रहा है।

News Rastra
Author: News Rastra

Leave a Comment

और पढ़ें