दरभंगा। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के प्रचार अभियान में पहुंचे उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विपक्षी दलों पर तीखा प्रहार किया। दरभंगा के केवटी विधानसभा क्षेत्र में जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि “इंडिया गठबंधन में तीन बंदर आ गए हैं– पप्पू, टप्पू और अप्पू। पप्पू सच बोल नहीं सकता, टप्पू सच देख नहीं सकता और अप्पू सच सुन नहीं सकता।”
सीएम योगी ने कांग्रेस, आरजेडी और समाजवादी पार्टी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी विदेश जाकर देश के खिलाफ बयान देते हैं, जबकि आरजेडी के शासन में बिहार नरसंहार और अराजकता का केंद्र बन गया था। उन्होंने दावा किया कि आरजेडी सरकार के समय 76 से अधिक नरसंहार हुए थे, लेकिन अब “मिथिला में सब चंगा है।”
योगी ने कहा, जब भी बिहार में आरजेडी और कांग्रेस की सरकार बनती है, दंगे होते हैं और अपहरण एक उद्योग बन जाता है। यूपी की तरह बिहार में भी अब अपराधियों पर बुलडोजर चलाना जरूरी है।” उन्होंने जनता से अपील की कि केवटी विधानसभा से एनडीए प्रत्याशी मुरानी मोहन झा को विजयी बनाएं और असामाजिक तत्वों को हावी न होने दें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आरजेडी ने बिहार को दंगों में झोंक दिया और समाजवादी पार्टी ने अयोध्या में रामभक्तों पर गोली चलवाई थी। उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि उसी की नीतियों के कारण कश्मीर हिंदू-विहीन हुआ। योगी ने कहा, “कांग्रेस ने कश्मीर को विवादित बनाया, लेकिन पीएम मोदी और अमित शाह ने उसे आतंकवाद से मुक्त कराया।”
योगी आदित्यनाथ ने सभा के अंत में कहा, “बंटेगे नहीं तो कटेंगे नहीं, एक रहेंगे तो सुरक्षित रहेंगे। बिहार की विजय ही एनडीए की विजय होगी।”










