वाराणसी। भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की जन्म शताब्दी के अवसर पर गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी महानगर इकाई की ओर से गुलाब बाग स्थित पार्टी कार्यालय में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि ने की। इस अवसर पर अटल जी के जीवन, विचारों और राष्ट्र के प्रति उनके योगदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी का जन्म 25 दिसंबर 1924 को ग्वालियर में हुआ था। उनका बाल्यकाल बटेश्वर में बीता और वे जनसंघ के समय से ही डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के साथ कार्य करते रहे। भाजपा के संस्थापक सदस्यों में शामिल अटल जी ने प्रधानमंत्री के रूप में देश को मजबूत नेतृत्व दिया। पोखरण परमाणु परीक्षण, स्वर्णिम चतुर्भुज योजना और प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना जैसे ऐतिहासिक कार्य उनके दूरदर्शी नेतृत्व का प्रमाण हैं। उन्होंने कहा कि आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अटल जी के दिखाए मार्ग पर चलते हुए भारत को विश्व गुरु बनाने की दिशा में आगे बढ़ा रहे हैं।
पूर्व महापौर कौशलेंद्र सिंह ने कहा कि अटल जी एक महान राजनेता के साथ-साथ संवेदनशील कवि भी थे। वे बड़ी से बड़ी बात को सरल शब्दों में कहने की अद्भुत क्षमता रखते थे। उनके नेतृत्व में बनी सरकार ने देश को भ्रष्टाचार से मुक्ति दिलाने और विकास का नया मॉडल देने का काम किया।
राष्ट्रीय बाल भवन के पूर्व अध्यक्ष अजय सिंह ने अटल जी से जुड़ा एक संस्मरण साझा करते हुए कहा कि वे कार्यकर्ताओं के सम्मान को सर्वोपरि रखते थे। उन्होंने बताया कि किस तरह एक कार्यक्रम में अटल जी कार्यकर्ताओं के आग्रह पर तय समय से अधिक रुके और बाद में प्रधानमंत्री कार्यालय से आई कार्रवाई की चेतावनी स्वतः समाप्त हो गई।
पूर्व विधान परिषद सदस्य वीणा पाण्डेय ने अटल जी की कविता “हार नहीं मानूंगा” का उल्लेख करते हुए कहा कि वे सिद्धांतों से कभी समझौता नहीं करते थे। वे बड़े से बड़े पद पर रहते हुए भी स्वयं को एक सामान्य कार्यकर्ता मानते थे। उन्होंने सर्व शिक्षा अभियान और स्कूल चलो अभियान की नींव रखने में भी अहम भूमिका निभाई।
राष्ट्रीय परिषद के पूर्व सदस्य सुभाष गुप्ता ने कहा कि “कार्यकर्ता देवतुल्य हैं” जैसा विचार भाजपा की सांस्कृतिक पहचान बन चुका है। पार्टी की आज की मजबूती इन्हीं समर्पित कार्यकर्ताओं के कारण है।
कार्यक्रम में कवियों ने भी अटल जी को अपनी रचनाओं के माध्यम से श्रद्धांजलि दी। कवि बद्री विशाल, सिद्धनाथ शर्मा, आशिक बनारसी और गोपाल केसरी ने अटल जी पर आधारित कविताएं और ग़ज़लें प्रस्तुत कर श्रोताओं को भावविभोर कर दिया।
चित्र प्रदर्शनी का उद्घाटन
कार्यक्रम से पूर्व गुलाब बाग कार्यालय में अटल बिहारी वाजपेयी के जीवन और राजनीतिक यात्रा पर आधारित चित्र प्रदर्शनी का उद्घाटन वाराणसी लोकसभा प्रभारी एवं विधान परिषद सदस्य अश्वनी त्यागी तथा महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि ने फीता काटकर किया। इसके बाद सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया।
समाचार पत्र हाकरों को कंबल वितरण
कार्यक्रम के समापन के बाद भाजपा नेताओं द्वारा ठंड को देखते हुए घर-घर अखबार पहुंचाने वाले समाचार पत्र हाकरों को कंबल वितरित किए गए। इस सेवा कार्य में पूर्व विधान परिषद सदस्य वीणा पाण्डेय, पूर्व अध्यक्ष प्रेम कपूर सहित अन्य वरिष्ठ नेताओं ने सहभागिता की।
कार्यक्रम में पूर्व मेयर मृदुला जायसवाल, वरिष्ठ भाजपा नेता, पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में समर्थक मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन विनोद गुप्ता ने किया जबकि धन्यवाद ज्ञापन कार्यक्रम संयोजक मधुकर चित्रांश ने किया।










