वाराणसी में लगातार बढ़ रही ठंड, घने कोहरे और शीतलहर को देखते हुए प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। जिलाधिकारी वाराणसी के निर्देश पर जनपद में संचालित प्री-प्राइमरी से लेकर कक्षा 5 तक के सभी स्कूलों को 26 दिसंबर 2025 को बंद रखने का आदेश जारी किया गया है।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय की ओर से जारी आदेश के अनुसार यह निर्णय बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि यह बंदी सभी प्रकार के विद्यालयों पर लागू होगी, जिसमें राजकीय, परिषदीय, अशासकीय सहायता प्राप्त, निजी मान्यता प्राप्त विद्यालयों के साथ-साथ सीबीएसई, आईसीएसई और अन्य बोर्ड से संचालित स्कूल भी शामिल हैं।
हालांकि, विद्यालयों में विभागीय और अन्य आवश्यक कार्यों के लिए शिक्षक एवं अन्य कर्मचारी पूर्व की भांति उपस्थित रहेंगे। प्रशासन ने सभी संबंधित विद्यालय प्रबंधन से आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने को कहा है।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनुराग श्रीवास्तव ने अभिभावकों से अपील की है कि वे बच्चों को ठंड और कोहरे से बचाने के लिए सावधानी बरतें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।










