मतदाता सूची में हेरफेर के आरोप पर गरमाई सियासत, राहुल गांधी पर भाजपा नेताओं का तीखा पलटवार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

नई दिल्ली। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा कर्नाटक के एक विधानसभा क्षेत्र में मतदाता सूची में गड़बड़ी के आरोप को लेकर सियासत गर्मा गई है। राहुल गांधी ने गुरुवार को सदन में दावा किया कि वोटर लिस्ट में छेड़छाड़ कर ‘वोट चोरी’ का मॉडल तैयार किया गया है, जिसे कई अन्य सीटों पर भी अपनाया गया ताकि भाजपा को चुनावी लाभ मिल सके।

उनके इस बयान पर भारतीय जनता पार्टी के नेताओं ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर निशाना साधते हुए लिखा, “चुनाव हारती है कांग्रेस, और बदनाम करती है देश को। इस काम में सबसे आगे हैं पार्टी के सबसे ‘भ्रमित’ नेता राहुल गांधी।”

उन्होंने आगे कहा कि “जिन संवैधानिक संस्थाओं के सहारे कांग्रेस ने दशकों तक देश में राज किया, अब वही संस्थाएं उन्हें खटकने लगी हैं। राहुल गांधी अपनी नाकामियों को छिपाने के लिए लगातार संस्थाओं और लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं पर सवाल उठाकर देश को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं।”

वहीं भाजपा के राज्यसभा सांसद और उत्तर प्रदेश के पूर्व डिप्टी सीएम डॉ. दिनेश शर्मा ने भी राहुल गांधी की टिप्पणी पर आपत्ति जताई है और इसे जनादेश का अपमान करार दिया।

राहुल गांधी के आरोपों के बाद यह मामला अब राजनीतिक बहस के केंद्र में आ गया है, और भाजपा ने इसे कांग्रेस की चुनावी विफलताओं से ध्यान भटकाने की रणनीति बताया है।

Ankita Yadav
Author: Ankita Yadav

Leave a Comment

और पढ़ें