मथुरा से BJP राष्ट्रीय अध्यक्ष का बड़ा बयान, बोले- CM योगी ने यूपी को ‘बीमारू’ से ब्रेकथ्रू स्टेट बनाया

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

मथुरा। भारतीय जनता पार्टी के नवनिर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने रविवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की खुलकर प्रशंसा की। राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद अपने पहले उत्तर प्रदेश दौरे पर मथुरा पहुंचे नितिन नवीन ने कहा कि योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में यूपी अब ‘बीमारू राज्य’ की पहचान से बाहर निकलकर देश की अर्थव्यवस्था का मजबूत स्तंभ बन चुका है।

नितिन नवीन ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश में एक्सप्रेस-वे विकास की पहचान बन गए हैं। यमुना एक्सप्रेस-वे, आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे, पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे और दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस-वे जैसे प्रोजेक्ट इस बात का प्रमाण हैं कि यूपी अब पिछड़ेपन की नहीं, बल्कि प्रगति की मिसाल बन रहा है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वाराणसी, अयोध्या और मथुरा जैसी पावन नगरीयों की सांस्कृतिक विरासत को नई पहचान दी है। योगी जी ने न केवल राष्ट्रवाद और सनातन संस्कृति की जड़ों को मजबूत किया, बल्कि विकास की एक नई गाथा भी लिखी है, जिस पर हर सनातनी गर्व महसूस करता है।

वृंदावन में ‘मन की बात’ में हुए शामिल

इससे पहले रविवार को वृंदावन स्थित अक्षयपात्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम में नितिन नवीन ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ भाग लिया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी ने ब्रज की धरती पर पहली बार आए भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष का राधे-राधे, वृंदावन बिहारी लाल, राधा रानी, यमुना मैया, हर-हर महादेव, जय श्रीराम, भारत माता की जय और वंदे मातरम के जयघोष के साथ स्वागत किया।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि नितिन नवीन युवा ऊर्जा के प्रतीक हैं और बिहार विधानसभा में पांचवीं बार विधायक चुने जा चुके हैं। संगठन में विभिन्न जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन करने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उन्हें भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष का दायित्व मिला है। योगेश्वर श्रीकृष्ण की पावन धरा पर उनका पहला आगमन अत्यंत हर्ष का विषय है।

ब्रज की धरती सनातन संस्कृति की प्रेरणा

सीएम योगी ने कहा कि ब्रज भूमि प्राचीन काल से तीर्थ और आस्था की केंद्र रही है। मथुरा, वृंदावन, बरसाना, गोकुल, गोवर्धन, नंदगांव और बलदेव जैसे स्थल हजारों वर्षों से सनातन धर्मावलंबियों के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं। यहां के कण-कण में श्रीकृष्ण और राधा रानी की विरासत आज भी जीवंत है। उन्होंने यह भी कहा कि अंत्योदय के प्रणेता पं. दीनदयाल उपाध्याय की जन्मभूमि भी मथुरा ही है।

यूपी अब देश की अर्थव्यवस्था का संबल

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश अब ‘बीमारू’ नहीं रहा, बल्कि भारत की अर्थव्यवस्था का ब्रेकथ्रू स्टेट बनकर उभरा है। पिछले पांच वर्षों से अधिक समय से यूपी रेवेन्यू सरप्लस राज्य बना हुआ है। डबल इंजन सरकार डबल स्पीड से बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स को धरातल पर उतार रही है और आम नागरिक को सुरक्षा का भरोसा दे रही है।

उन्होंने कहा कि गरीब कल्याणकारी योजनाओं के जरिए बिना किसी भेदभाव के वंचित वर्ग, किसान, युवा, महिलाएं और नौजवान सभी को लाभ पहुंचाया जा रहा है। आज यूपी का युवा अपनी पहचान को लेकर गर्व महसूस करता है और देश के किसी भी कोने में जाकर कह सकता है कि वह उत्तर प्रदेश का नागरिक है।

कार्यकर्ताओं से योगदान की अपील

सीएम योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में पिछले नौ वर्षों में यूपी ने विकास के नए प्रतिमान स्थापित किए हैं। इस गति को और तेज करने के लिए भाजपा का हर कार्यकर्ता पूरे समर्पण और प्राणप्रण से जुटा रहेगा।

इस अवसर पर केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष, कैबिनेट मंत्री चौधरी लक्ष्मीनारायण, बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह, महापौर विनोद अग्रवाल, राज्यसभा सांसद तेजवीर सिंह, विधायक श्रीकांत शर्मा, मेघश्याम सिंह, राजेश चौधरी, पूरन प्रकाश, जिला पंचायत अध्यक्ष चौधरी किशन सिंह, विधान परिषद सदस्य संतोष सिंह, अशोक कटारिया, ओमप्रकाश सिंह, भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष दुर्विजय सिंह शाक्य, जिलाध्यक्ष निर्मल पांडेय, महानगर अध्यक्ष हरिशंकर राजू यादव सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

News Rastra
Author: News Rastra

Leave a Comment

और पढ़ें