वाराणसी। वाहन मरम्मत के क्षेत्र में कार्यरत कार मैकेनिकों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए अमन डीजल्स, चौकाघाट वाराणसी (टर्बोचार्जर अधिकृत सर्विस सेंटर) की ओर एक निशुल्क स्वास्थ्य एवं नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में बड़ी संख्या में कार मैकेनिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
शिविर के दौरान अनुभवी चिकित्सकों की टीम ने मैकेनिकों की सामान्य स्वास्थ्य जांच की। इसमें रक्तचाप, शुगर की जांच के साथ-साथ विस्तृत नेत्र परीक्षण भी किया गया। आंखों की रोशनी, जलन, धूल-मिट्टी और धुएं के कारण होने वाली समस्याओं पर विशेष ध्यान दिया गया। जांच के बाद जरूरतमंद लोगों को निशुल्क चिकित्सकीय परामर्श भी उपलब्ध कराया गया।
अमन डीजल्स के संचालक अमन श्रीवास्तव ने बताया कि कार मैकेनिकों को रोजाना धूल, धुएं और तेज रोशनी में काम करना पड़ता है, जिससे उनकी आंखों और संपूर्ण स्वास्थ्य पर नकारात्मक प्रभाव पड़ता है। ऐसे में इस तरह के स्वास्थ्य शिविर उनके स्वास्थ्य संरक्षण के लिए बेहद जरूरी हैं और आगे भी इस प्रकार के आयोजन किए जाएंगे।
कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित मैकेनिकों ने इस सराहनीय पहल के लिए अमन डीजल्स का आभार व्यक्त किया। शिविर में प्रमुख रूप से ज्ञान श्रीवास्तव, अशोक, हैदर, अनिल, धीरज सहित कई अन्य लोग मौजूद रहे।










