बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के सरकारी आवास को रात के अंधेरे में खाली किए जाने को लेकर सियासत गरमा गई है। भारतीय जनता पार्टी ने इस पूरे घटनाक्रम पर सवाल उठाते हुए राष्ट्रीय जनता दल और लालू परिवार पर तीखा हमला बोला है। बीजेपी का कहना है कि यदि आवास खाली करने की प्रक्रिया पूरी तरह नियमों के तहत थी, तो इसे दिन के उजाले में क्यों नहीं किया गया।
बीजेपी के प्रदेश प्रवक्ता नीरज कुमार ने कहा कि राबड़ी देवी ने रात में ही सरकारी आवास क्यों छोड़ा। उन्होंने सवाल उठाया कि दिन में मीडिया और आम जनता के सामने आवास खाली करने में क्या परेशानी थी। नीरज कुमार ने आरोप लगाया कि सरकारी संपत्ति का लंबे समय तक दुरुपयोग किया गया है और अब सवालों से बचने के लिए रात का रास्ता चुना गया।
‘दिन में जवाब देने की हिम्मत नहीं’
नीरज कुमार ने तंज कसते हुए कहा कि लालू परिवार दिन के उजाले में कोई काम नहीं करता, क्योंकि उन्हें भ्रष्टाचार और अनियमितताओं के आरोपों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने यह भी कहा कि कहीं ऐसा तो नहीं कि कोई ऐसा सामान था, जिसे चुपचाप रात में निकालना जरूरी समझा गया।
नोटिस के बाद भी रात में ही क्यों?
बीजेपी प्रवक्ता ने कहा कि जब आवास खाली करने का नोटिस दिया गया था, तो उसके बाद भी पूरी प्रक्रिया को रात में अंजाम दिया गया। उन्होंने मांग की कि राबड़ी देवी जनता के सामने आकर स्पष्ट करें कि सरकारी आवास का किस तरह उपयोग किया गया।
‘टोंटी खोलकर नहीं ले जाइएगा’
अपने बयान के अंत में नीरज कुमार ने व्यंग्य करते हुए कहा, “ध्यान रखिएगा, टोंटी खोलकर नहीं ले जाइएगा।” इस टिप्पणी को लेकर भी राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है।
फिलहाल इस मामले पर राष्ट्रीय जनता दल की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है, लेकिन माना जा रहा है कि जल्द ही बीजेपी के आरोपों पर पलटवार किया जा सकता है।










