आदित्य धर के निर्देशन में बनी फिल्म ‘धुरंधर’ ने बॉक्स ऑफिस पर रिकॉर्डतोड़ प्रदर्शन करते हुए इतिहास रच दिया है। 5 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज हुई यह फिल्म लगातार 21 दिनों से शानदार कमाई कर रही है। भारत ही नहीं, बल्कि विदेशों में भी फिल्म को जबरदस्त रिस्पॉन्स मिल रहा है। इसी के साथ ‘धुरंधर’ साल 2025 की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बन गई है और अब 1000 करोड़ क्लब में भी शामिल हो चुकी है।
मेकर्स ने किया 1000 करोड़ क्लब में एंट्री का ऐलान
फिल्म निर्माताओं ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर बताया कि ‘धुरंधर’ ने वर्ल्डवाइड 1000 करोड़ से ज्यादा की कमाई कर ली है। इस खबर के सामने आते ही फैंस की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। फिल्म ने ‘कांतारा चैप्टर 1’ और ‘छावा’ जैसी फिल्मों के रिकॉर्ड तोड़ते हुए साल की सबसे बड़ी हिट का ताज अपने नाम कर लिया है।
कमाई के आंकड़े चौंकाने वाले मेकर्स के मुताबिक,
-
पहले हफ्ते में फिल्म ने 218 करोड़ रुपये
-
दूसरे हफ्ते में 261.5 करोड़ रुपये
-
15 से 20वें दिन के बीच 160.70 करोड़ रुपये
-
क्रिसमस के दिन 28.60 करोड़ रुपये की कमाई की
अब तक फिल्म ने भारत में 789.18 करोड़ और ओवरसीज में 217.50 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया है। इस तरह ‘धुरंधर’ का कुल वर्ल्डवाइड कलेक्शन 1006.7 करोड़ रुपये पहुंच गया है।
अब ‘पठान’ के रिकॉर्ड पर नजर
‘धुरंधर’ की नजर अब शाहरुख खान की सुपरहिट फिल्म ‘पठान’ के रिकॉर्ड पर है। ‘पठान’ का ऑल टाइम वर्ल्डवाइड कलेक्शन 1050.30 करोड़ रुपये है, जिसे तोड़ने से ‘धुरंधर’ ज्यादा दूर नहीं है। माना जा रहा है कि आने वाले वीकेंड पर यह रिकॉर्ड भी टूट सकता है।
1000 करोड़ क्लब में शामिल 9वीं फिल्म
‘धुरंधर’ अब बॉलीवुड की 1000 करोड़ क्लब में शामिल होने वाली 9वीं फिल्म बन गई है। इस सूची में पहले से ‘दंगल’, ‘पुष्पा 2’, ‘आरआरआर’, ‘केजीएफ चैप्टर 2’ और ‘जवान’ जैसी बड़ी फिल्में शामिल हैं।
शानदार स्टारकास्ट ने जीता दिल
फिल्म में रणवीर सिंह के साथ अक्षय खन्ना, संजय दत्त, अर्जुन रामपाल, सारा अर्जुन, आर. माधवन और राकेश बेदी अहम भूमिकाओं में नजर आए हैं। दमदार कहानी और जबरदस्त अभिनय की बदौलत ‘धुरंधर’ दर्शकों के दिलों पर राज कर रही है।










