वाराणसी: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (CM Yogi) ने सोमवार को वाराणसी के सर्किट हाउस सभागार में आजमगढ़ और वाराणसी मंडल के जनप्रतिनिधियों के साथ समीक्षा बैठक की। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार केवल योजनाएं बनाने तक सीमित नहीं है, बल्कि उनका धरातल पर प्रभावी और समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करना उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
मुख्यमंत्री ने बैठक की शुरुआत करते हुए कहा, “बैठक का उद्देश्य केवल योजनाओं की समीक्षा नहीं, बल्कि जनोपयोगी और दूरवर्ती क्षेत्रों में प्राथमिकता के आधार पर विकास को गति देना है।”
विधानसभावार चर्चा और संवाद
बैठक में मुख्यमंत्री ने जनप्रतिनिधियों से उनके निर्वाचन क्षेत्रों की जमीनी परिस्थितियों, जनता की अपेक्षाओं और विकास की प्राथमिकताओं पर विस्तार से व्यक्तिगत संवाद किया। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि प्रत्येक क्षेत्र की आवश्यकता के अनुसार कार्यों को प्राथमिकता सूची में लाया जाए और जल्द से जल्द औपचारिकताएं पूरी करके क्रियान्वयन शुरू किया जाए।
इन विभागों को दिए अहम निर्देश
मुख्यमंत्री ने लोक निर्माण विभाग (PWD), नगर विकास और पर्यटन विभाग से जुड़े प्रस्तावों की विधानसभावार समीक्षा करते हुए संबंधित प्रमुख सचिवों को निर्देश दिए कि—
-
जनप्रतिनिधियों द्वारा सुझाए गए कार्यों का त्वरित स्टीमेट बनाकर प्रक्रिया शुरू की जाए।
-
औद्योगिक क्षेत्रों, ब्लॉक मुख्यालयों, धार्मिक पर्यटन स्थलों और दूरस्थ गांवों को जोड़ने वाली सड़कों को प्राथमिकता दी जाए।
-
ROB, बाईपास, फ्लाईओवर, लघु सेतु, पैंटून पुल, ब्लैक स्पॉट सुधार जैसे प्रोजेक्टों को प्राथमिकता मिले।
-
ओडीआर/एमडीआर की सड़कों के निर्माण और मरम्मत पर तेजी लाई जाए।
जनोपयोगी योजनाओं को मिलेगा प्राथमिकता में स्थान
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की मंशा है कि हर जनोपयोगी और विकासपरक योजना धरातल पर साकार हो। इसके लिए सभी संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी। उन्होंने जोर देकर कहा कि प्रस्तावित योजनाएं तय समयसीमा के अंदर और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरी की जाएं।
पर्यटन विकास पर भी दिया गया जोर
बैठक में पर्यटन विकास से जुड़े प्रस्तावों पर भी विस्तार से चर्चा हुई। धार्मिक स्थलों को बेहतर सड़कों और सुविधाओं से जोड़ने के लिए विशेष योजना बनाई जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन परियोजनाओं से स्थानीय अर्थव्यवस्था को गति मिलेगी और रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
समीक्षा बैठक में मंत्रीगण अनिल राजभर, ओमप्रकाश राजभर, दयाशंकर सिंह, दारा सिंह चौहान, रविंद्र जायसवाल, डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’, गिरीश यादव, दानिश आज़ाद अंसारी सहित आजमगढ़ और वाराणसी मंडल के विधायक व विधान परिषद सदस्य उपस्थित रहे।










