समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने अपनी पत्नी और सांसद डिंपल यादव के पहनावे पर उठे विवाद को लेकर तीखी प्रतिक्रिया दी है। यह बयान उस वक्त आया जब मौलाना साजिद रशीदी ने डिंपल के लिबास को लेकर एक टीवी डिबेट में अभद्र टिप्पणी कर दी थी, जिससे विवाद और गहराया।
पत्रकारों के सवाल पर भड़के अखिलेश
सोमवार को जब संसद परिसर में पत्रकारों ने रशीदी की टिप्पणी पर सवाल पूछा तो अखिलेश ने तीखे लहजे में जवाब दिया, “बताओ, लोकसभा में क्या पहन कर आएं? वहीं हमारी हर जगह की ड्रेस होगी।” जब एक पत्रकार ने कहा कि यह मस्जिद में पहने गए लिबास को लेकर सवाल है, तो अखिलेश ने दो टूक कहा, “जो हम लोकसभा में पहनते हैं, वही हर जगह पहनते हैं।”
क्यों हुआ विवाद?
कुछ दिन पहले अखिलेश यादव, पत्नी डिंपल यादव और सपा के अन्य सांसद दिल्ली स्थित एक मस्जिद गए थे, जिसके इमाम रामपुर से सांसद मोहिबुल्लाह नदवी हैं। इसी दौरान कुछ मौलानाओं ने डिंपल यादव के पहनावे को लेकर आपत्ति जताई और कहा कि मस्जिद में ऐसा लिबास उचित नहीं था। इसके बाद मौलाना साजिद रशीदी की टीवी डिबेट में डिंपल पर की गई अमर्यादित टिप्पणी से मामला और भड़क गया।
डिंपल यादव का जवाब
डिंपल यादव ने इस पूरे विवाद को लेकर कहा, “जो हो रहा है, अच्छा हो रहा है।” उन्होंने साथ ही मणिपुर में महिलाओं पर हो रही हिंसा का मुद्दा भी उठाया और सवाल किया, “बीजेपी के लोग इस पर चुप क्यों हैं?” डिंपल के बयान से साफ है कि वो सिर्फ अपने मुद्दे पर नहीं, बल्कि महिलाओं के प्रति हो रहे अन्याय पर भी बात कर रही हैं।
एफआईआर दर्ज और विरोध प्रदर्शन
डिंपल यादव के खिलाफ मौलाना साजिद रशीदी की अभद्र टिप्पणी को लेकर लखनऊ के विभूतिखंड थाने में एफआईआर दर्ज की गई है। उधर, एनडीए सांसदों ने संसद में विरोध प्रदर्शन कर इस बयान की निंदा की और अखिलेश यादव पर वोट बैंक की राजनीति के चलते चुप्पी साधने का आरोप लगाया।










