मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को लखनऊ में जनता दर्शन कार्यक्रम किया। इस दौरान प्रदेशभर से आए लोगों की समस्याएं सुनीं और उनके समाधान का भरोसा दिलाया। कार्यक्रम में 50 से ज्यादा लोग अपनी फरियाद लेकर पहुंचे।
बीमार पिता के लिए मदद की गुहार
रायबरेली के खीरो थाना क्षेत्र के बरवलिया गांव के एक युवक ने सीएम योगी से अपने पिता के इलाज में मदद मांगी। युवक ने बताया कि उनके पिता किडनी, हृदय और यूरिन की गंभीर बीमारी से जूझ रहे हैं और अब प्राइवेट अस्पताल का खर्च उठाना मुश्किल हो गया है। इस पर मुख्यमंत्री ने तत्काल मरीज को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराने और इलाज का पूरा खर्च सरकार की ओर से वहन करने का निर्देश दिया।
जरूरतमंदों को इलाज का भरोसा
जनता दर्शन में इलाज के लिए कई लोगों ने आर्थिक मदद की अर्जी दी। इस पर सीएम योगी ने कहा कि प्रदेश सरकार बीते आठ सालों से हर जरूरतमंद को लगातार आर्थिक सहायता दे रही है। उन्होंने फरियादियों से कहा, “आप अस्पताल से एस्टीमेट बनवाकर भेजें, सरकार आपके इलाज का खर्च उठाएगी।”
बच्चों को चॉकलेट देकर जताया स्नेह
कार्यक्रम में आए छोटे बच्चों को भी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दुलारा। उन्होंने बच्चों के सिर पर हाथ फेरकर अपनापन जताया और उन्हें चॉकलेट व टॉफी भी दीं।










