जौनपुर जिले के लाइन बाजार थाना क्षेत्र के सीहीपुर में रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। श्रद्धालुओं से भरी बस ट्रेलर से जा टकराई। हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि नौ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी श्रद्धालु छत्तीसगढ़ के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
ऐसे हुआ हादसा
छत्तीसगढ़ से करीब 50 श्रद्धालुओं का दल अयोध्या दर्शन के लिए पहुंचा था। वहां से सभी लोग वाराणसी स्थित श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के दर्शन के लिए रवाना हुए। रात करीब तीन बजे जैसे ही बस सीहीपुर इलाके में पहुंची, ट्रेलर को ओवरटेक करने के दौरान अनियंत्रित होकर भिड़ंत हो गई।
मौके पर मची अफरा-तफरी
टक्कर इतनी ज़ोरदार थी कि बस में सवार लोगों में चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकाला गया। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और एंबुलेंस से सभी श्रद्धालुओं को जिला अस्पताल भेजा गया। डॉक्टरों ने चार लोगों को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल श्रद्धालुओं का इलाज जारी है।
पुलिस का बयान
जौनपुर के एसपी डॉक्टर कौस्तुभ ने बताया कि हादसे में चार श्रद्धालुओं की मौत हो चुकी है और नौ लोग घायल हैं। सभी श्रद्धालु छत्तीसगढ़ के रहने वाले हैं। फिलहाल घायलों का इलाज चल रहा है और मामले की जांच की जा रही है।










