वाराणसी के रैनबसेरों की व्यवस्थाओं का सीएम योगी ने लिया जायजा,  जरुरतमंदों में बांटा कंबल-भोजन 

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

वाराणसी। भीषण शीतलहर के बीच उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वाराणसी में ठंड से जूझ रहे गरीब और असहाय लोगों के बीच पहुंचकर मानवीय संवेदनाओं का परिचय दिया। मुख्यमंत्री ने सड़क और रैनबसेरों में रह रहे जरूरतमंदों को कंबल और भोजन के पैकेट वितरित किए तथा उनकी कुशलक्षेम पूछी।

इस दौरान सीएम योगी ने छोटे बच्चों को चॉकलेट भी दी, जिससे बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे। मुख्यमंत्री ने लोगों से अपील की कि कड़ाके की ठंड में कोई भी व्यक्ति खुले आसमान के नीचे न सोए और रैनबसेरों का उपयोग करे, जो विशेष रूप से उनके लिए ही बनाए गए हैं।

रैनबसेरों की व्यवस्थाओं का लिया जायजा

मुख्यमंत्री ने रैनबसेरा में ठहरे लोगों से सीधे संवाद कर वहां की व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने पूछा कि कहीं किसी तरह की कोई कमी तो नहीं है। लोगों ने प्रशासन द्वारा की गई व्यवस्थाओं पर संतोष जताया और बताया कि बिस्तर, ओढ़ने के लिए पर्याप्त कंबल, अलाव, प्रकाश और अन्य मूलभूत सुविधाएं ठीक से उपलब्ध हैं।

अधिकारियों को सख्त निर्देश

सीएम योगी ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्देश दिए कि अत्यधिक ठंड को देखते हुए यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी गरीब या असहाय व्यक्ति रात में सड़क किनारे या खुले आसमान के नीचे न रहने पाए। सभी रैनबसेरों में साफ-सफाई, शौचालय, रोशनी, बिस्तर और अलाव की समुचित व्यवस्था हर हाल में सुनिश्चित की जाए।

काशी विश्वनाथ और कालभैरव मंदिर में दर्शन

इससे पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बाबा कालभैरव और श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में विधिवत दर्शन-पूजन किया। उन्होंने श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए यह भी निर्देश दिया कि दर्शनार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

इस अवसर पर प्रदेश के स्टाम्प एवं न्यायालय पंजीयन शुल्क राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविन्द्र जायसवाल, आयुष एवं खाद्य सुरक्षा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’, पूर्व मंत्री एवं विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी, एमएलसी हंसराज विश्वकर्मा, एमएलसी धर्मेन्द्र राय, विधायक सौरभ श्रीवास्तव सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

News Rastra
Author: News Rastra

Leave a Comment

और पढ़ें