एक लाख का इनामी गैंगस्टर अरविंद उर्फ कल्लू मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार, कॉलोनाइजर हत्याकांड में था वांछित

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

वाराणसी। सरायमोहना इलाके में शनिवार देर रात वाराणसी पुलिस और कुख्यात गैंगस्टर अरविंद उर्फ फौजी उर्फ कल्लू यादव के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस को उसकी मौजूदगी की पुख्ता सूचना मिली थी, जिसके बाद इलाके में घेराबंदी की गई। इसी दौरान बाइक से जा रहे दो संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन खुद को घिरा देख अरविंद ने पुलिस टीम पर पिस्टल से फायरिंग शुरू कर दी।

पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें अरविंद को गोली लग गई और वह मौके पर ही गिर पड़ा। वहीं उसका एक साथी बाइक लेकर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। घायल बदमाश को पुलिस ने मौके पर ही काबू में लेकर इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, अरविंद के पास से 9 एमएम की दो पिस्टल, कारतूस और 750 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। उस पर हत्या, जानलेवा हमला समेत कई संगीन मुकदमे दर्ज हैं और वह लंबे समय से पुलिस को चकमा दे रहा था। जांच में यह भी सामने आया है कि वह असम में फौजी के तौर पर तैनात रह चुका है।

चर्चित कॉलोनाइजर हत्याकांड से जुड़ा नाम

गैंगस्टर अरविंद यादव का नाम 21 अगस्त को सारनाथ थाना क्षेत्र के सिंहपुर-अरिहंत नगर कॉलोनी में हुए चर्चित कॉलोनाइजर महेंद्र गौतम हत्याकांड में सामने आया था। उस दिन बाइक सवार तीन बदमाशों ने महेंद्र गौतम को गोलियों से भून दिया था। घटना के सात दिन बाद पुलिस ने कॉल डिटेल के आधार पर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया था।

पुलिस जांच में खुलासा हुआ था कि गाजीपुर के कॉलोनाइजर जोगेंद्र यादव ने इस हत्या की साजिश रची थी और अपने साथियों अरविंद यादव, बनारसी यादव और विशाल के जरिए वारदात को अंजाम दिलवाया गया। घटना के वक्त विशाल बाइक चला रहा था, जबकि अरविंद और बनारसी ने फायरिंग की थी। हालांकि, इस मामले में बनारसी यादव अभी तक फरार है।

फरार आरोपी की तलाश तेज

पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। साथ ही गैंग से जुड़े अन्य सदस्यों की गतिविधियों की भी गहनता से जांच की जा रही है। मुठभेड़ के दौरान सारनाथ थानाध्यक्ष पंकज त्रिपाठी, एसओजी प्रभारी गौरव सिंह, चौकी इंचार्ज राहुल यादव और सरायमोहना चौकी प्रभारी अनुज शुक्ला समेत कई अधिकारी मौके पर मौजूद रहे।

News Rastra
Author: News Rastra

Leave a Comment

और पढ़ें