वाराणसी: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को दो दिवसीय दौरे पर काशी नगरी वाराणसी पहुंचेंगे। अपने प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री जहां कानून-व्यवस्था और विकास कार्यों की समीक्षा करेंगे, वहीं राष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिता का भी शुभारंभ करेंगे। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस महकमा पूरी तरह सतर्क है।
प्रोटोकॉल के अनुसार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार शाम करीब पांच बजे वाराणसी पहुंचेंगे। सर्किट हाउस में वे वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर कानून-व्यवस्था की स्थिति और चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा करेंगे। बैठक के बाद मुख्यमंत्री कालभैरव और श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे। रात्रि में वे रैन बसेरों का निरीक्षण करेंगे और टाउनहॉल पहुंचकर जरूरतमंदों को कंबल वितरित करेंगे।
राष्ट्रीय वॉलीबॉल चैंपियनशिप का करेंगे उद्घाटन
रविवार को सुबह 11 बजे मुख्यमंत्री सिगरा स्थित डॉ. संपूर्णानंद स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स पहुंचेंगे। यहां वे 72वीं सीनियर राष्ट्रीय पुरुष वॉलीबॉल चैंपियनशिप और 12वीं सीनियर महिला वॉलीबॉल चैंपियनशिप का भव्य उद्घाटन करेंगे। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दोपहर 12 बजे वर्चुअल माध्यम से खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों को संबोधित करेंगे। कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री लखनऊ के लिए रवाना होंगे।
वॉलीबॉल की राष्ट्रीय राजधानी बनेगी वाराणसी
महापौर अशोक कुमार तिवारी ने बताया कि इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देशभर के सभी राज्यों से 30 पुरुष टीमें और 28 महिला टीमें भाग ले रही हैं। इसके साथ ही सेना की पुरुष टीम और रेलवे की महिला टीम भी मुकाबलों में शामिल होंगी। 4 से 11 जनवरी तक चलने वाली इस चैंपियनशिप को लेकर खेल प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है।
तैयारियों की अंतिम समीक्षा
सिगरा स्थित नवनिर्मित डॉ. संपूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित हो रही इस प्रतियोगिता की तैयारियों की निगरानी आयोजन समिति के अध्यक्ष एवं महापौर अशोक कुमार तिवारी स्वयं कर रहे हैं। शुक्रवार को जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार, नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल और पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने स्टेडियम का निरीक्षण कर सुरक्षा, यातायात और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया।










