कोडीन कफ सिरप केस: सरगना शुभम जायसवाल के पिता की 28 करोड़ की संपत्ति सीज, केबीएन प्लाजा समेत 5 स्थानों पर कार्रवाई

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

वाराणसी। अवैध कोडीन युक्त कफ सिरप तस्करी मामले में वाराणसी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कथित सरगना शुभम जायसवाल के पिता भोला जायसवाल की करीब 28 करोड़ रुपये की संपत्ति सीज कर दी है। यह कार्रवाई कोतवाली थाने में दर्ज मुकदमा संख्या 235/2025 के तहत न्यायालय के आदेश पर की गई।

पुलिस ने सिगरा थाना क्षेत्र के महमूरगंज स्थित केबीएन प्लाजा, भोला जायसवाल के आवास समेत कुल पांच स्थानों पर जब्ती की कार्रवाई की। इस दौरान पुलिस ने डुगडुगी बजाकर मुनादी भी कराई और संपत्तियों को सीज किए जाने की सार्वजनिक सूचना दी।

फर्म के जरिए अवैध कारोबार का आरोप

पुलिस के मुताबिक, भोला जायसवाल की फर्म शैली ट्रेडर्स के माध्यम से अवैध रूप से कोडिन युक्त कफ सिरप की खरीद-फरोख्त की जाती थी। जांच में सामने आया है कि कफ सिरप की खेप झारखंड के रास्ते पश्चिम बंगाल होते हुए बांग्लादेश तक पहुंचाई जाती थी। इस नेटवर्क के जरिए करोड़ों रुपये का अवैध कारोबार किए जाने की आशंका है।

कोलकाता एयरपोर्ट से हुई थी गिरफ्तारी

इस मामले में भोला जायसवाल के खिलाफ उत्तर प्रदेश के कई जिलों में मुकदमे दर्ज हैं। कुछ समय पहले सोनभद्र पुलिस ने उसे कोलकाता एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया था, जब वह कथित रूप से दुबई भागने की कोशिश कर रहा था।

मुख्य आरोपी शुभम जायसवाल फरार

पुलिस के अनुसार, इस पूरे नेटवर्क का मास्टरमाइंड शुभम जायसवाल है, जो भोला जायसवाल का बेटा है। शुभम के खिलाफ लुक आउट नोटिस जारी किया गया है। आशंका जताई जा रही है कि वह दुबई फरार हो चुका है। उसकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

गौरतलब है कि इस कफ सिरप तस्करी प्रकरण में अब तक उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में दर्जनों आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस का कहना है कि अवैध मादक पदार्थों के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

News Rastra
Author: News Rastra

Leave a Comment

और पढ़ें