कोडिन कफ सिरप मामला: वाराणसी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, कानपुर के कारोबारी की 5.18 करोड़ की संपत्ति फ्रीज

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

वाराणसी/कानपुर। कोडिन युक्त कफ सिरप की अवैध तस्करी के मामले में सारनाथ थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कानपुर के एक कारोबारी और उसके परिजनों की करोड़ों रुपये की संपत्ति जब्त कर ली है। पुलिस ने धारा 68(F) एनडीपीएस एक्ट (सफेमा) के तहत कुल 5,18,24,795 रुपये की चल और अचल संपत्तियों को फ्रीज किया है। संबंधित अचल संपत्तियों पर फ्रीज किए जाने का नोटिस चस्पा कर आम लोगों को इसकी जानकारी दे दी गई है।

आरोपी की पहचान विनोद अग्रवाल पुत्र स्व. बालकृष्ण अग्रवाल, निवासी एचएन 22/26 पटकापुर, जनपद कानपुर नगर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ थाना सारनाथ में दर्ज मुकदमा संख्या 0623/2025 में जांच के दौरान अवैध संपत्ति का खुलासा हुआ।

ये संपत्तियां की गईं फ्रीज

पुलिस ने कानपुर नगर में स्थित कई मकानों और प्लॉटों को फ्रीज किया है, जिनकी कुल अनुमानित कीमत करोड़ों में है। इनमें सिविल लाइंस स्थित गोपाल विहार का मकान, जाजमऊ के एमराल्ड गुलिस्तान का प्लॉट, दहेली सुजानपुर का मकान और बिरहना रोड की व्यावसायिक संपत्ति शामिल हैं। कुछ संपत्तियां आरोपी की पत्नी सविता अग्रवाल और पुत्र शिवम अग्रवाल के नाम पर दर्ज हैं।

इसके अलावा, अग्रवाल ब्रदर्स (विनोद अग्रवाल) के नाम से आईसीआईसीआई बैंक, बिरहना रोड शाखा में मौजूद 37,42,995 रुपये की धनराशि भी फ्रीज कर दी गई है।

6-7 करोड़ के अवैध ट्रांजेक्शन का खुलासा

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी विनोद अग्रवाल कानपुर के थाना कलेक्टरगंज में दर्ज मुकदमा संख्या 87/2025 में भी मुख्य अभियुक्त है। उस पर आरोप है कि उसने अवैध फर्म एमके हेल्थकेयर और पीडी फार्मा के साथ मिलकर करीब 6 से 7 करोड़ रुपये का लेनदेन किया। यह धन कोडिन कफ सिरप की तस्करी से अर्जित किया गया था, जिससे बाद में संपत्तियां खरीदी गईं।

पुलिस टीम की भूमिका

इस कार्रवाई में सहायक पुलिस आयुक्त विदुष सक्सेना, थाना सारनाथ के प्रभारी निरीक्षक पंकज कुमार त्रिपाठी, उपनिरीक्षक अजय कुमार समेत अन्य पुलिसकर्मियों की अहम भूमिका रही।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मादक पदार्थों की तस्करी में लिप्त लोगों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि अवैध कारोबार पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।

News Rastra
Author: News Rastra

Leave a Comment

और पढ़ें