Makar Sankranti 2026 : तिथि को लेकर भ्रम खत्म, 14 या 15 जनवरी? जानें सही डेट, स्नान-दान का समय

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

मकर संक्रांति पर्व की तिथि को लेकर हर साल लोगों के मन में असमंजस बना रहता है। साल 2026 में भी यही स्थिति देखने को मिल रही है। कोई 14 जनवरी को मकर संक्रांति बता रहा है तो कोई 15 जनवरी को। हालांकि अब पंचांगों और ज्योतिषीय गणनाओं के आधार पर इस भ्रम पर विराम लग चुका है। आइए जानते हैं कि मकर संक्रांति 2026 में कब मनाई जाएगी और स्नान-दान का शुभ मुहूर्त क्या रहेगा।

15 जनवरी 2026 को मकर संक्रांति मनाने की सलाह

ज्योतिषाचार्यों और कई प्रमुख पंचांगों के अनुसार, वर्ष 2026 में मकर संक्रांति 15 जनवरी को मनाना अधिक उपयुक्त माना गया है। दरअसल, 14 जनवरी को सूर्य का मकर राशि में प्रवेश दोपहर 3 बजकर 07 मिनट पर होगा। मकर संक्रांति सूर्योपासना से जुड़ा पर्व है और इसके प्रमुख धार्मिक कर्म—स्नान, दान और जप—प्रातःकाल में किए जाते हैं। ऐसे में उदय तिथि के अनुसार 15 जनवरी को मकर संक्रांति मनाना शास्त्रसम्मत माना जा रहा है।

क्या 14 जनवरी को नहीं मनाई जाएगी मकर संक्रांति?

अधिकांश पंचांगों में मकर संक्रांति की तिथि 14 जनवरी 2026 भी दर्ज है। शास्त्रों के अनुसार, यदि संक्रांति अर्धरात्रि से पहले होती है तो उस दिन का उत्तरार्ध पुण्यकाल माना जाता है। चूंकि 14 जनवरी को सूर्य दोपहर बाद मकर राशि में प्रवेश कर रहे हैं, इसलिए इस दिन भी पुण्यकाल प्राप्त हो रहा है। इसी कारण कई स्थानों पर 14 जनवरी को भी मकर संक्रांति मनाई जाएगी।

तिथि को लेकर क्यों होता है भ्रम?

ज्योतिषाचार्य अनीष व्यास के अनुसार, ग्रहों की गति के कारण हर 70 से 75 वर्षों में मकर संक्रांति की तिथि में बदलाव होता है। पृथ्वी अपनी धुरी पर हल्का झुकाव लेकर घूमती है, जिसे खगोलीय भाषा में प्रेसेशन ऑफ इक्विनॉक्स कहा जाता है। इसी वजह से संक्रांति का समय धीरे-धीरे आगे खिसकता है। इसका असर यह है कि आने वाले कुछ वर्षों तक मकर संक्रांति 15 जनवरी को मनाई जाती रहेगी।

News Rastra
Author: News Rastra

Leave a Comment

और पढ़ें