लखनऊ। उत्तर प्रदेश में मौसम का मिज़ाज लगातार बदल रहा है। कई जिलों में जहां घना कोहरा लोगों की परेशानी बढ़ा रहा है, वहीं कुछ इलाकों में खिली धूप के कारण ठंड से हल्की राहत भी महसूस की जा रही है। इसी बीच मौसम विभाग ने जनवरी में बारिश को लेकर भी ताज़ा अपडेट जारी किया है। अनुमान है कि 18 और 19 जनवरी को पश्चिमी यूपी के कई शहरों में हल्की बारिश हो सकती है।
14 जनवरी को घने कोहरे का येलो अलर्ट
लखनऊ स्थित आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी बुलेटिन के मुताबिक 14 जनवरी को पश्चिमी और पूर्वी यूपी के कई जिलों में सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। इसे देखते हुए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है।
बुधवार को करीब 28 जिलों में 100 से 500 मीटर तक दृश्यता रहने का अनुमान है। इन जिलों में सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, मेरठ, बिजनौर, बागपत, मुरादाबाद, संभल, बदायूं, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, बहराइच, श्रावस्ती, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर, महाराजगंज, कुशीनगर, झांसी, ललितपुर, महोबा, हमीरपुर, बांदा, चित्रकूट और प्रयागराज शामिल हैं।
इन जिलों में तापमान में होगी गिरावट
वाराणसी, मिर्जापुर, चंदौली, गाजीपुर, सोनभद्र, जौनपुर, सुल्तानपुर, बलिया, मऊ और आसपास के जिलों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की जा सकती है। हालांकि इन इलाकों में दिन के समय धूप खिली रहेगी, लेकिन सुबह और रात में ठंड का असर बना रहेगा।
लखनऊ और नोएडा का हाल
राजधानी लखनऊ में दो दिन बाद एक बार फिर घने कोहरे के लौटने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को लखनऊ का मौसम साफ रहेगा। यहां न्यूनतम तापमान करीब 6 डिग्री और अधिकतम तापमान लगभग 21 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
वहीं दिल्ली से सटे नोएडा में आज सुबह हल्का कोहरा देखने को मिल सकता है। यहां न्यूनतम तापमान करीब 5 डिग्री और अधिकतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है। आने वाले दिनों में नोएडा समेत एनसीआर के लोगों को ठंड से धीरे-धीरे राहत मिलने के संकेत हैं।
मौसम विभाग ने कोहरे को देखते हुए वाहन चालकों को सावधानी बरतने और ज़रूरी होने पर ही सुबह-सुबह सफर करने की सलाह दी है।










