अलीगढ़ के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर रिंकू सिंह से जुड़ा एक सोशल मीडिया पोस्ट विवाद का कारण बनता जा रहा है। वायरल पोस्ट को लेकर करणी सेना ने शनिवार, 18 जनवरी को सासनी गेट थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए कार्रवाई की मांग की है।
करणी सेना के जिलाध्यक्ष सुमित तोमर के नेतृत्व में संगठन के कार्यकर्ता थाने पहुंचे और पुलिस को तहरीर सौंपी। तहरीर में आरोप लगाया गया है कि रिंकू सिंह की ओर से सोशल मीडिया पर साझा किए गए एक पोस्ट में एआई तकनीक के माध्यम से एक गाड़ी में कुछ हिंदू देवी-देवताओं को काला चश्मा लगाए हुए और अंग्रेजी गाने पर दिखाया गया है। इसी वीडियो में रिंकू सिंह को छक्के लगाते हुए भी दर्शाया गया है।
करणी सेना का कहना है कि इस तरह की प्रस्तुति से हिंदू समाज की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। संगठन ने इसे आपत्तिजनक बताते हुए मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है।
इस संबंध में सासनी गेट थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि तहरीर प्राप्त हो गई है और मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।










