लखनऊ। चक्रवात मोंथा के असर से उत्तर प्रदेश का मौसम एक बार फिर करवट ले रहा है। गुरुवार सुबह से ही लखनऊ सहित राज्य के अधिकतर जिलों में आसमान बादलों से घिरा दिखाई दिया और कई स्थानों पर रुक-रुक कर बारिश होती रही। मौसम में आई इस अचानक बदलाव ने ठंड की दस्तक को और तेज कर दिया है।
दो दिन तक बारिश और गरज-चमक का दौर
मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए बताया है कि 30 और 31 अक्टूबर को प्रदेश के कई हिस्सों में तेज बारिश और झोंकेदार हवाएं चलेंगी। विशेष रूप से वाराणसी, प्रयागराज, जौनपुर, मिर्जापुर, सोनभद्र, चंदौली, गाजीपुर, मऊ, बलिया, देवरिया, सुल्तानपुर और अंबेडकर नगर जैसे जिलों में भारी बारिश के साथ गरज-चमक की संभावना जताई गई है।
40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी हवाएं
मौसम विभाग के लखनऊ केंद्र के वैज्ञानिक अतुल सिंह ने बताया कि अगले 48 घंटों के दौरान 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। इस दौरान बिजली गिरने और बादलों के गरजने की घटनाएं भी देखने को मिल सकती हैं।
उन्होंने किसानों और आम लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है — विशेष रूप से खुले मैदानों और ऊंचे पेड़ों के पास जाने से बचें, साथ ही फसलों और पशुओं की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें।
तापमान में गिरावट, सर्दी की होगी शुरुआत
मौसम विभाग के अनुसार, बारिश का यह सिलसिला 31 अक्टूबर तक जारी रहेगा। दो दिनों तक लगातार भीगे मौसम के कारण राज्य में अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री तक गिरावट दर्ज की जा सकती है। इससे रात में ठंड का असर और बढ़ेगा।
कई जिलों में तड़के और देर शाम के समय ठंडी हवाएं और नमी लोगों को सर्दी की शुरुआती झलक महसूस कराएंगी।
किन जिलों पर रहेंगी नजर
मौसम विभाग ने चेताया है कि वाराणसी, प्रयागराज, मिर्जापुर, चंदौली, जौनपुर, गाजीपुर, बलिया, मऊ, देवरिया, गोरखपुर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, अयोध्या, अंबेडकर नगर, हमीरपुर, महोबा, झांसी और ललितपुर सहित आसपास के जिलों में अगले 48 घंटों में मौसम का असर सबसे ज्यादा दिखेगा।
इन इलाकों में भारी बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का खतरा बना रहेगा।










