दालमंडी चौड़ीकरण : अल्टीमेटम खत्म, आज से फिर शुरू होगा ध्वस्तीकरण

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

वाराणसी। दालमंडी गली के चौड़ीकरण को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सख्त निर्देशों के बाद वाराणसी प्रशासन एक्शन मोड में आ गया है। पीडब्ल्यूडी की चेतावनी की अंतिम तिथि 5 जनवरी पूरी होते ही आज से दालमंडी में ध्वस्तीकरण की कार्रवाई दोबारा शुरू की जा सकती है। रजिस्ट्री न कराने वाले भवन स्वामियों को अब कड़ी कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा।

नवंबर में कुछ मकानों के ध्वस्तीकरण के बाद यह कार्रवाई रुकी हुई थी, लेकिन अब अल्टीमेटम का समय पूरा होने के साथ ही सरकारी टीमें पुलिस फोर्स के साथ मौके पर उतरने की तैयारी में हैं। इससे पहले पीडब्ल्यूडी द्वारा मुनादी कराई जा चुकी है और जिन लोगों ने रजिस्ट्री करा ली है, उन्हें एक सप्ताह के भीतर मकान खाली करने को कहा गया था।

186 में से 40 ने कराई रजिस्ट्री, 6 मकान ध्वस्त

पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता के.के. सिंह ने बताया कि दालमंडी चौड़ीकरण के लिए कुल 186 मकान चिह्नित किए गए हैं। इनमें से अब तक 40 भवन स्वामियों ने रजिस्ट्री करा ली है, जबकि 6 मकानों को पूरी तरह ध्वस्त किया जा चुका है। नवंबर के बाद कार्रवाई नहीं हुई थी, लेकिन सभी संबंधित विभागों की बैठक के बाद 5 जनवरी से दोबारा ध्वस्तीकरण शुरू करने की कार्य योजना बनाई गई है।

उन्होंने बताया कि प्रोजेक्ट में हो रही लेटलतीफी को रोकने के लिए पुलिस और नगर निगम अधिकारियों से समन्वय किया गया है। जिन लोगों को मुआवजा मिल चुका है और रजिस्ट्री हो चुकी है, उनसे मकान खाली करने का अनुरोध किया गया था। अब जो लोग तय समय में मकान खाली नहीं करेंगे, उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

चौक थाने में खुला पीडब्ल्यूडी का कैंप कार्यालय

दालमंडी चौड़ीकरण को सरकार मिशन मोड में पूरा करना चाहती है। इसी क्रम में पीडब्ल्यूडी ने चौक थाना परिसर में कैंप कार्यालय खोला है। यहां अब तक 40 लोगों ने रजिस्ट्री कराई है। रोजाना 15 से 20 मकान मालिक रजिस्ट्री और मुआवजे से जुड़ी जानकारी लेने पहुंच रहे हैं, जिन्हें प्रक्रिया समझाकर कागजात पूरे कराने के बाद रजिस्ट्री कराई जा रही है।

क्या है दालमंडी चौड़ीकरण प्रोजेक्ट?

दालमंडी गली को मॉडल सड़क के रूप में विकसित किया जाना है। इस परियोजना का शिलान्यास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने 51वें काशी दौरे के दौरान किया था। इसके लिए राज्य सरकार ने 215.88 करोड़ रुपये जारी किए हैं।
इसमें 186 भवन और दुकान स्वामियों को 191 करोड़ रुपये मुआवजा दिए जाएंगे।

कैसी बनेगी नई दालमंडी सड़क?

  • 650 मीटर लंबी दालमंडी गली को किया जाएगा चौड़ा

  • 60 फुट चौड़ाई:

    • 30 फुट मुख्य सड़क

    • दोनों तरफ 15-15 फुट की पटरी

  • बिजली, पानी और सीवर लाइनें अंडरग्राउंड होंगी

  • तारों का जंजाल होगा खत्म

विभाग के अनुसार, चौड़ीकरण के बाद दालमंडी बाजार में आवागमन सुगम होगा और व्यापारियों को पहले से बेहतर माहौल मिलेगा। सभी भवनों की पहचान और रजिस्ट्री की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। जल्द ही शेष लोगों को भी मुआवजा देने की प्रक्रिया तेज की जाएगी।

News Rastra
Author: News Rastra

Leave a Comment

और पढ़ें