सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती : PM Modi ने दी श्रद्धांजलि, दिलाई ‘एकता की शपथ’

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

भारत के लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की आज 150वीं जयंती है। इस अवसर पर देशभर में राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के स्टैच्यू ऑफ यूनिटी पर जाकर सरदार पटेल को श्रद्धांजलि अर्पित की और देशवासियों को एकता की शपथ दिलाई।

पीएम मोदी ने दी श्रद्धांजलि

प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर एक संदेश साझा करते हुए लिखा, भारत, सरदार वल्लभभाई पटेल को उनकी 150वीं जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित करता है। वे भारत के एकीकरण के पीछे की प्रेरक शक्ति थे और उन्होंने हमारे राष्ट्र के भाग्य को आकार दिया। राष्ट्रीय अखंडता, सुशासन और जनसेवा के प्रति उनकी अटूट प्रतिबद्धता आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेगी। हम एक अखंड, सशक्त और आत्मनिर्भर भारत के उनके दृष्टिकोण को साकार करने के अपने संकल्प की पुनः पुष्टि करते हैं।”

प्रधानमंत्री ने सुबह नर्मदा जिले के एकता नगर स्थित 182 मीटर ऊंची स्टैच्यू ऑफ यूनिटी पर पुष्प अर्पित किए। यह वही स्थान है, जहां हर वर्ष 31 अक्टूबर को राष्ट्रीय एकता दिवस का मुख्य आयोजन किया जाता है।

राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रम और परेड का आयोजन

इस वर्ष राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर देशभर में भव्य समारोह आयोजित किए गए। गुजरात में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में सांस्कृतिक उत्सव के साथ-साथ राष्ट्रीय एकता दिवस परेड भी हुई। इस परेड में सीमा सुरक्षा बल (BSF), केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF), राज्य पुलिस बलों और अन्य अर्धसैनिक बलों की टुकड़ियों ने भाग लिया।

खास बात यह रही कि इस बार की परेड को गणतंत्र दिवस परेड की तर्ज पर आयोजित किया गया, जिसमें देश की एकता और विविधता को प्रतीकात्मक रूप से प्रदर्शित किया गया।

लौह पुरुष की प्रेरणा आज भी जीवंत

सरदार पटेल ने आज़ादी के बाद रियासतों के एकीकरण में अहम भूमिका निभाई थी। उन्हें भारत के प्रथम गृह मंत्री और एकीकरण के शिल्पकार के रूप में याद किया जाता है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि सरदार पटेल की दूरदर्शिता और दृढ़ निश्चय के कारण आज भारत एक सशक्त और अखंड राष्ट्र के रूप में खड़ा है।

News Rastra
Author: News Rastra

Leave a Comment

और पढ़ें