घने कोहरे ने सोमवार सुबह दिल्ली–मुंबई एक्सप्रेस-वे पर भारी तबाही मचा दी। कोहरे के कारण दृश्यता बेहद कम होने से यहां दो अलग-अलग भीषण सड़क हादसे हो गए, जिनमें करीब 20 वाहन आपस में टकरा गए। इन दर्दनाक हादसों में एक सीआईएसएफ इंस्पेक्टर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक सीआईएसएफ इंस्पेक्टर को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फिलहाल उनकी पहचान की पुष्टि नहीं हो सकी है। हादसे में घायल लोगों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। अधिकारियों का कहना है कि घायलों की संख्या अभी और बढ़ सकती है।
एम्बुलेंस न पहुंचने का आरोप
हादसे के बाद एक्सप्रेस-वे पर अफरा-तफरी मच गई और मौके पर स्थानीय ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए कई घायलों को निजी वाहनों से अस्पताल पहुंचाया। ग्रामीणों का आरोप है कि हादसे की सूचना देने के बावजूद आधे घंटे से अधिक समय तक कोई एम्बुलेंस मौके पर नहीं पहुंची। इसी दौरान गंभीर रूप से घायल सीआईएसएफ इंस्पेक्टर ने तड़पते हुए दम तोड़ दिया।
पुलिस जांच में जुटी, यातायात किया गया नियंत्रित
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया गया। फिलहाल पुलिस दोनों हादसों की जांच कर रही है। दुर्घटना के चलते कुछ समय के लिए एक्सप्रेस-वे पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे बाद में नियंत्रित कर लिया गया।
घने कोहरे को देखते हुए प्रशासन ने वाहन चालकों से सावधानी बरतने, धीमी गति से वाहन चलाने और फॉग लाइट का उपयोग करने की अपील की है।










