उत्तर प्रदेश में सर्दी ने अब अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। बीते 24 घंटे के दौरान प्रदेश के कई इलाकों में सुबह के समय घना कोहरा छाया रहा। सोमवार, 15 दिसंबर को भी यूपी के अनेक शहर सफेद कोहरे की चादर में लिपटे रहेंगे। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार आने वाले 24 घंटों के बाद ठंड और तेज होगी, वहीं न्यूनतम तापमान में करीब 2 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है।
पूर्वी और पश्चिमी यूपी में घने कोहरे का अलर्ट
लखनऊ स्थित आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक 15 दिसंबर को पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में घना कोहरा देखने को मिलेगा। इसे लेकर मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। हालांकि, 24 घंटे बाद कोहरे की तीव्रता में थोड़ी कमी आने की संभावना है।
सोमवार को जिन जिलों में 100 से 200 मीटर तक दृश्यता वाला घना कोहरा छाया रह सकता है, उनमें शामिल हैं—
वाराणसी, मिर्जापुर, सोनभद्र, गाजीपुर, चंदौली, बलिया, मऊ, आजमगढ़, जौनपुर, प्रयागराज, प्रतापगढ़, कौशांबी, रायबरेली, फतेहपुर, कानपुर, औरैया, इटावा, मैनपुरी, फिरोजाबाद, मथुरा और आगरा।
अयोध्या से मुजफ्फरनगर तक हल्का से मध्यम कोहरा
इनके अलावा अयोध्या, अंबेडकर नगर, बरेली, रामपुर, लखीमपुर खीरी, बहराइच, गोरखपुर, संतकबीरनगर, बस्ती, गोंडा, सिद्धार्थनगर, बलरामपुर, श्रावस्ती, महराजगंज, कुशीनगर, मुजफ्फरनगर और सहारनपुर में हल्का से मध्यम कोहरा छाए रहने का अनुमान है। हालांकि जैसे-जैसे दिन चढ़ेगा, इन इलाकों में धूप निकलने से मौसम साफ होता नजर आएगा। इन जिलों में न्यूनतम तापमान करीब 7 डिग्री और अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
लखनऊ में तापमान में गिरावट, कोहरे से होगी दिन की शुरुआत
राजधानी लखनऊ में सोमवार को तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की जाएगी। मौसम विभाग के अनुसार यहां न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस, जबकि अधिकतम तापमान करीब 25 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। सुबह के समय लखनऊ में भी कोहरे का असर देखने को मिलेगा। वहीं दिल्ली से सटे नोएडा में भी ठंड पहले के मुकाबले ज्यादा महसूस की जाएगी और सुबह मध्यम कोहरा छाया रह सकता है।
मेरठ की रात सबसे ठंडी
बीएचयू के मौसम वैज्ञानिक प्रोफेसर मनोज कुमार श्रीवास्तव के अनुसार, बीते 24 घंटे में उत्तर प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान 6.9 डिग्री सेल्सियस मेरठ में दर्ज किया गया। उन्होंने बताया कि अगले 2 से 3 दिनों के भीतर प्रदेश के कई जिलों में ठंड और बढ़ेगी और तापमान में और गिरावट देखने को मिल सकती है।










