वाराणसी। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने बुधवार को नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल के साथ पंचकोशी मार्ग स्थित सारंग तालाब क्षेत्र में चल रहे विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (SIR) कार्यक्रम के कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने गणना प्रपत्रों के वितरण, उनकी वापसी और डिजिटाइजेशन की प्रगति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने क्षेत्र के सुपरवाइजर और बीएलओ से अद्यतन स्थिति की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने स्थानीय लोगों से भी बातचीत करते हुए पूछा कि क्या उन्हें गणना प्रपत्र प्राप्त हुआ है और फॉर्म जमा करने में किसी तरह की दिक्कत आ रही है। अधिकारियों ने लोगों को जागरूक करते हुए बताया कि यह अभियान भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार संचालित किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य त्रुटिरहित और अद्यतन मतदाता सूची तैयार करना है।
जिलाधिकारी ने बताया कि बीएलओ घर-घर जाकर गणना प्रपत्र वितरित कर रहे हैं। मतदाता इन फॉर्म को भरकर बीएलओ को वापस जमा कर सकते हैं। फॉर्म जमा करने की अंतिम तिथि 4 दिसंबर निर्धारित की गई है। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे बिना विलंब के अपने गणना प्रपत्र जमा कर दें।
इसके साथ ही उन्होंने सभी कार्मिकों को निर्देश दिए कि फॉर्म भरने, संग्रहण और तकनीकी प्रक्रियाओं के हर चरण में पूर्ण सावधानी बरती जाए। सूची मिलान का कार्य भी सटीकता के साथ करने के निर्देश दिए गए।










