नवंबर में जाते-जाते बढ़ेगी सर्दी, दिसंबर की शुरुआत में पड़ेगी कड़ाके की ठंड

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

उत्तर प्रदेश में नवंबर का अंतिम सप्ताह ठंड का असर और बढ़ाने वाला है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, अगले कुछ दिनों में प्रदेश के अधिकांश जिलों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट दर्ज की जा सकती है। इसके साथ ही कई इलाकों में सुबह का कोहरा भी परेशान करेगा। दिसंबर की शुरुआत कड़ाके की ठंड के साथ होने वाली है और शीतलहर का असर कई जिलों में दिखने की संभावना है।

यूपी में बढ़ेगी कंपकंपी, कई जिलों में कोहरे का असर

लखनऊ के अमौसी स्थित आंचलिक मौसम केंद्र के अनुसार, 28 नवंबर को पश्चिमी और पूर्वी—दोनों ही यूपी में मौसम शुष्क बना रहेगा। हालांकि, सुबह के समय हल्के से मध्यम कोहरे की स्थिति कई जिलों में देखने को मिलेगी।

शुक्रवार सुबह जिन जिलों में कोहरे का खास असर नजर आ सकता है, उनमें शामिल हैं- गाजियाबाद, शामली, मेरठ, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, फिरोजाबाद, आगरा, उन्नाव, हमीरपुर, कानपुर, कौशांबी, चित्रकूट, प्रयागराज, प्रतापगढ़, रामपुर, बरेली, वाराणसी, आजमगढ़, अयोध्या, झांसी, गोरखपुर, महाराजगंज, सुल्तानपुर, पीलीभीत, मुरादाबाद, बिजनौर, सीतापुर, कन्नौज, मैनपुरी, इटावा, अमेठी, रायबरेली, अलीगढ़, मथुरा, जौनपुर, मिर्जापुर, सोनभद्र और गाज़ीपुर।

30 नवंबर को बादलों का डेरा

राजधानी लखनऊ में 30 नवंबर से मौसम का मिज़ाज बदलने के आसार हैं। अनुमान है कि 30 नवंबर और 1 दिसंबर को आसमान पर बादल छाए रहेंगे। शुक्रवार को लखनऊ का अधिकतम तापमान 26°C और न्यूनतम 11°C रहने की उम्मीद है। नोएडा में भी सुबह के समय मध्यम कोहरा देखा जा सकता है, हालांकि दिन चढ़ने के साथ मौसम साफ होने लगेगा। वहां आज अधिकतम तापमान 25°C और न्यूनतम 11°C रहने का अनुमान है।

दिसंबर में ठिठुरन करेगी परेशान

बीएचयू के मौसम वैज्ञानिक प्रो. मनोज कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि अगले दो दिनों तक तापमान में मामूली उछाल देखने को मिल सकता है, लेकिन इसके बाद प्रदेश में पारा तेजी से नीचे जाएगा। अनुमान है कि अधिकतम और न्यूनतम, दोनों ही तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट आएगी। इसके चलते दिसंबर की शुरुआत कड़ाके की ठंड और शीतलहर के साथ होने की संभावना है।

News Rastra
Author: News Rastra

Leave a Comment

और पढ़ें