वाराणसी। जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार की अध्यक्षता में शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना और राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत चल रहे कार्यक्रमों की विस्तृत समीक्षा की गई।
खराब प्रगति पर सख्त कार्रवाई
बैठक के दौरान आयुष्मान कार्ड बनाने की धीमी प्रगति पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जाहिर की।
पिछले 10 दिनों की समीक्षा में प्रगति संतोषजनक न पाए जाने पर बड़ागांव, पिंडरा और हरहुआ स्वास्थ्य केंद्रों के प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई गई।
इसके साथ ही संबंधित अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।
वेतन रोका, सुधार के निर्देश
डीएम ने सख्त रुख अपनाते हुए आयुष्मान सेल में कार्यरत कर्मियों के साथ-साथ बड़ागांव के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी का वेतन रोकने का निर्देश दिया।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि जब तक जिले में सभी पात्र लोगों के आयुष्मान कार्ड नहीं बन जाते, तब तक संबंधित कर्मियों का मानदेय जारी नहीं किया जाएगा।
हीट वेव से निपटने की तैयारी
गर्मी को देखते हुए जिलाधिकारी ने अस्पतालों में हीट वेव से बचाव के सभी इंतजाम दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि वार्डों में कूलर और एसी की व्यवस्था समय रहते पूरी कर ली जाए, ताकि मरीजों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
स्वास्थ्य सेवाओं की भी हुई समीक्षा
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी प्रखर कुमार सिंह ने राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत संचालित योजनाओं की समीक्षा की।
उन्होंने पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय चिकित्सालय के पोषण पुनर्वास केंद्र (NRC) में अधिक से अधिक बच्चों को भर्ती कराने के निर्देश दिए। साथ ही आंगनबाड़ी केंद्रों से बच्चों को रेफर करने में लापरवाही न बरतने की बात कही।
रैंकिंग बनाए रखने पर जोर
उत्तर प्रदेश हेल्थ डैशबोर्ड में वाराणसी के दूसरे स्थान पर रहने पर संतोष जताते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि स्वास्थ्य सेवाओं में लगातार सुधार बनाए रखें, ताकि जिले की रैंकिंग प्रभावित न हो।
अन्य महत्वपूर्ण निर्देश
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेश प्रसाद ने विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति की जानकारी दी।
बैठक में टीबी नोटिफिकेशन दर बढ़ाने, गर्भवती महिलाओं की चार प्रसव पूर्व जांच (ANC) सुनिश्चित करने और आरबीएसके व सबल काशी पोर्टल पर पंजीकृत बच्चों के शीघ्र उपचार के निर्देश दिए गए।










