लखनऊ। उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक माहौल धीरे-धीरे गरमाने लगा है। इसी बीच भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और कैसरगंज से पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह के एक बयान ने सियासी हलकों में हलचल मचा दी है।
बयान से बढ़ा सियासी तापमान
दरअसल, बृजभूषण शरण सिंह ने बिहार के बाढ़ विधानसभा क्षेत्र में आयोजित राम नवमी कार्यक्रम के दौरान मंच से संबोधित करते हुए विवादित बयान दिया। उन्होंने कहा, “देश में दो ही खलनायक हैं, पहला मुस्लिम और दूसरा इस समय सवर्ण… मेरी यह बात अंदर तक चोट करेगी।”
उन्होंने आगे यह भी कहा कि मुसलमानों के साथ कई राजनीतिक दल खड़े हैं, लेकिन सवर्णों के समर्थन में कौन सी पार्टी है, यह सवाल खड़ा होता है।
बेबाक बयानबाजी के लिए जाने जाते हैं
बता दें कि बृजभूषण शरण सिंह अपने बेबाक और अक्सर विवादित बयानों के चलते पहले भी सुर्खियों में रहे हैं। कुश्ती महासंघ के पूर्व अध्यक्ष और भाजपा नेता के रूप में उनकी पहचान एक मुखर नेता की रही है, जो खुले तौर पर अपनी राय रखने के लिए जाने जाते हैं।
जौनपुर में भी दिया था बयान
हाल ही में जौनपुर के तिलकधारी इंटर कॉलेज में आयोजित एक कार्यक्रम में भी उन्होंने अपने बयान से चर्चा बटोरी थी।
वहां उन्होंने कहा था कि, “मैं रोज अपनी कमियों को ढूंढता हूं और उन्हें सुधारता हूं… मेरे ऊपर भी तलवारें चमक रही हैं, लेकिन दबदबा था, है और रहेगा।”
बयान पर बढ़ सकता है विवाद
पूर्व सांसद के इस ताजा बयान के बाद राजनीतिक प्रतिक्रिया तेज होने की संभावना है।
चुनाव से पहले इस तरह के बयान न केवल सियासी माहौल को गरमाते हैं, बल्कि सामाजिक और राजनीतिक बहस को भी नई दिशा देते हैं।










