यूपी में मौसम का डबल अटैक: बारिश-ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट, 4 से 6 डिग्री तक गिरेगा पारा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। प्रदेश के कई हिस्सों में काले बादलों ने डेरा डाल लिया है और कोहरे के साथ बारिश व ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार, 3 फरवरी को यूपी के दोनों संभागों के करीब 25 जिलों में कहीं हल्की तो कहीं मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज झोंकेदार हवाएं चलने की भी संभावना है। अगले 24 घंटे तक यह मौसम का दौर बना रहेगा, जिसके बाद फिर कोहरे की सफेद चादर छा सकती है।

राजधानी लखनऊ के अमौसी स्थित मौसम केंद्र के मुताबिक मंगलवार को पश्चिमी और पूर्वी यूपी के कई जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की बूंदाबांदी होगी। इसे देखते हुए मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं 4 फरवरी को प्रदेश के दोनों हिस्सों में घना कोहरा छाने की आशंका है। इस दौरान दृश्यता 100 से 500 मीटर तक रह सकती है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले 24 घंटों में पश्चिमी यूपी के कई जिलों में अधिकतम तापमान में अचानक 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है।

इन जिलों में काले बादल और बारिश-ओलावृष्टि की आशंका

मंगलवार को झांसी, ललितपुर, महोबा, हमीरपुर, बांदा, चित्रकूट, कौशाम्बी, प्रतापगढ़, प्रयागराज, वाराणसी, मिर्जापुर, सोनभद्र, जौनपुर, चंदौली, बलिया, मऊ और आजमगढ़ में काले बादलों की आवाजाही बनी रहेगी। इन इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश और कहीं-कहीं ओलावृष्टि भी हो सकती है।

इन जिलों में छाएगा कोहरा

गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर, अंबेडकर नगर, बस्ती, संतकबीरनगर, महाराजगंज, बलरामपुर, उन्नाव, कानपुर, जालौन, औरैया, आगरा, फिरोजाबाद, इटावा, मैनपुरी और कन्नौज में कोहरे की स्थिति बनी रहेगी। इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं मेरठ, बागपत, बिजनौर, मुरादाबाद, हापुड़, संभल, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, लखीमपुर खीरी, बहराइच और श्रावस्ती में मौसम सामान्य रहने का अनुमान है।

लखनऊ और नोएडा का हाल

राजधानी लखनऊ में मंगलवार को आसमान में हल्के बादल छाए रहेंगे। यहां न्यूनतम तापमान करीब 12 डिग्री और अधिकतम 25 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। अगले 24 घंटे बाद तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की जा सकती है। वहीं दिल्ली से सटे नोएडा में मौसम सामान्य रहेगा, हालांकि सुबह के समय हल्का कोहरा दिख सकता है। यहां न्यूनतम तापमान 10 और अधिकतम 18 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

तापमान में और आएगी गिरावट

बनारस हिंदू विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक प्रोफेसर मनोज कुमार श्रीवास्तव के अनुसार अगले 24 घंटों में प्रदेश के अलग-अलग जिलों में न्यूनतम और अधिकतम दोनों तापमान में गिरावट देखने को मिलेगी। न्यूनतम तापमान करीब 2 डिग्री सेल्सियस तक नीचे जा सकता है, जबकि अधिकतम तापमान में 4 से 6 डिग्री सेल्सियस की अचानक कमी आएगी। उन्होंने बताया कि 5 फरवरी को एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित करेगा, जिससे ठंड और बढ़ सकती है।

News Rastra
Author: News Rastra

Leave a Comment

और पढ़ें