एक्स ने अश्लील कंटेट मामले में मानी गलती, 3,500 कंटेंट ब्लॉक, 600 से ज्यादा अकाउंट डिलीट

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) ने भारत सरकार के सामने अपनी चूक स्वीकार करते हुए भारतीय कानूनों और नियमों का पूरी तरह पालन करने का आश्वासन दिया है। सरकारी सूत्रों के अनुसार, प्लेटफॉर्म ने अब तक करीब 3,500 आपत्तिजनक कंटेंट को ब्लॉक किया है, जबकि 600 से अधिक अकाउंट डिलीट किए जा चुके हैं। साथ ही, यह भी स्पष्ट किया गया है कि अब एक्स पर अश्लील तस्वीरें पोस्ट करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, एक्स ने भारत सरकार को बताया है कि उसके कंटेंट मॉडरेशन सिस्टम में कुछ कमियां थीं, जिन्हें स्वीकार करते हुए अब सुधारात्मक कदम उठाए जा रहे हैं। कंपनी ने भरोसा दिलाया है कि भविष्य में वह देश के आईटी कानूनों और दिशा-निर्देशों के अनुसार ही काम करेगी।

ग्रोक एआई को लेकर सरकार की सख्ती

यह मामला उस समय गंभीर हुआ, जब प्लेटफॉर्म पर अश्लील और कामुक कंटेंट के तेजी से प्रसार को लेकर चिंता जताई गई। आरोप है कि इस तरह का कुछ कंटेंट एक्स के एआई टूल ‘ग्रोक’ के जरिए जेनरेट या बढ़ाया गया था।

इसके बाद सरकार ने एक्स से ग्रोक एआई से जुड़ी अश्लील सामग्री को रोकने के लिए उठाए गए कदमों और भविष्य की कार्ययोजना पर विस्तृत जानकारी मांगी। हालांकि एक्स की ओर से भेजे गए जवाब में कुछ अहम जानकारियां शामिल नहीं थीं, जिस पर सरकार ने कड़ा रुख अपनाया।

महिला विरोधी कंटेंट पर विशेष नजर

सूचना और प्रसारण मंत्रालय ने स्पष्ट निर्देश दिए कि ग्रोक जैसे एआई चैटबॉट का इस्तेमाल महिलाओं की अश्लील या यौन प्रकृति की तस्वीरें बनाने में न हो, इसके लिए तुरंत प्रभावी कार्रवाई की जाए। सरकार का कहना है कि डिजिटल प्लेटफॉर्म की जिम्मेदारी है कि वे तकनीक के दुरुपयोग को रोकें और सामाजिक मर्यादाओं का पालन सुनिश्चित करें।

सरकारी सख्ती के बाद एक्स ने न सिर्फ कार्रवाई तेज की है, बल्कि यह भी संकेत दिया है कि आने वाले समय में कंटेंट मॉडरेशन को और मजबूत किया जाएगा, ताकि इस तरह की आपत्तिजनक सामग्री दोबारा सामने न आए।

News Rastra
Author: News Rastra

Leave a Comment

और पढ़ें