अयोध्या। राम मंदिर परिसर में एक संदिग्ध व्यक्ति के पकड़े जाने के बाद सुरक्षा एजेंसियां देर रात तक सतर्क रहीं। पुलिस इंटेलिजेंस ब्यूरो (आईबी), सीआरपीएफ और कश्मीर से जुड़ी अन्य एजेंसियों के लगातार संपर्क में रही। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, अब तक की जांच में सभी एजेंसियों ने पकड़े गए व्यक्ति के किसी संदिग्ध या आतंकी गतिविधि में शामिल होने के संकेत नहीं दिए हैं, हालांकि इसके बावजूद पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि पकड़ा गया व्यक्ति अबू अहमद शेख शनिवार सुबह पटना से आगरा जाने वाली ट्रेन से अयोध्या पहुंचा था। अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन पर उतरने के बाद वह सीधे राम मंदिर परिसर गया। इसके बाद सुरक्षा कर्मियों की नजर उस पर पड़ी और पूछताछ की गई।
पुलिस ने उसके परिजनों से भी संपर्क किया है। परिजनों ने बताया कि अबू अहमद शेख लंबे समय से अखरोट बेचने का काम करता है और एक मध्यमवर्गीय परिवार से ताल्लुक रखता है। परिजनों का यह भी कहना है कि वह मानसिक रूप से कमजोर है। पुलिस ने उसके बेटे को अयोध्या बुलाया है, जो वहां के लिए रवाना हो चुका है।
जिलेभर में बढ़ाई गई सतर्कता
इस घटना के बाद अयोध्या जिले में सुरक्षा और सतर्कता और बढ़ा दी गई है। अयोध्या धाम क्षेत्र के दोनों थानों में सघन छानबीन अभियान शुरू किया गया है। बाहर से आकर जिले में किसी भी तरह का कारोबार करने वाले व्यक्तियों का सत्यापन कराया जा रहा है। विशेष रूप से ठेले, खोमचे और फेरी लगाने वालों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है—वे कहां रहते हैं और क्या करते हैं, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है।
इसके अलावा ऐसे लोगों को शरण देने वालों से भी पूछताछ की जा रही है। अयोध्या धाम के सभी होटल, धर्मशालाओं और ठहरने के स्थानों में ठहरे लोगों का सत्यापन कराया गया है। होटल और धर्मशाला संचालकों को निर्देश दिए गए हैं कि वे सभी आगंतुकों की जानकारी तत्काल पुलिस को उपलब्ध कराएं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है, लेकिन राम मंदिर की सुरक्षा को देखते हुए किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरती जाएगी।










