दिल्ली के DMRC क्वार्टर्स में लगी भीषण आग, मासूम बच्ची सहित तीन की जलकर मौत

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के आदर्श नगर इलाके में मंगलवार तड़के दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया। मजलिस पार्क स्थित डीएमआरसी (DMRC) स्टाफ क्वार्टर्स में एक फ्लैट में भीषण आग लगने से पति-पत्नी और उनकी 10 वर्षीय मासूम बेटी की दर्दनाक मौत हो गई। आग इतनी तेजी से फैली कि परिवार को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिल सका।

घटना 6 जनवरी की सुबह करीब 3 बजे की बताई जा रही है। दिल्ली फायर सर्विस को रात 2 बजकर 39 मिनट पर आग लगने की सूचना मिली। अलर्ट मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया। आग क्वार्टर्स की पांचवीं मंजिल पर स्थित एक फ्लैट में लगी थी।

काफी मशक्कत के बाद जब आग पर काबू पाया गया और दमकलकर्मी फ्लैट के अंदर पहुंचे, तो वहां का दृश्य बेहद भयावह था। कमरे के भीतर से तीन जले हुए शव बरामद किए गए। मृतकों की पहचान 42 वर्षीय अजय, उनकी 38 वर्षीय पत्नी नीलम और 10 वर्षीय बेटी जान्हवी के रूप में हुई है।

आग की चपेट में आकर पूरा फ्लैट जलकर खाक हो गया। घर का सारा सामान भी पूरी तरह नष्ट हो गया है। दमकल विभाग के अधिकारियों के अनुसार, फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। शॉर्ट सर्किट या अन्य किसी वजह से आग लगी, इसकी जांच की जा रही है।

पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस दर्दनाक हादसे के बाद इलाके में मातम पसरा हुआ है। स्थानीय लोग स्तब्ध हैं और प्रशासन से आग लगने के कारणों की गहन जांच की मांग कर रहे हैं।

News Rastra
Author: News Rastra

Leave a Comment

और पढ़ें