IPL 2026 का पहला शेड्यूल जारी, 28 मार्च को इन दोनों टीमों के बीच होगा मुकाबला

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के पहले चरण का शेड्यूल जारी कर दिया है। जारी कार्यक्रम के अनुसार टूर्नामेंट का पहला मुकाबला 28 मार्च को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच खेला जाएगा। यह मैच बेंगलुरू के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में आयोजित होगा।

BCCI ने फिलहाल लीग के शुरुआती 20 मैचों का कार्यक्रम घोषित किया है, जबकि बाकी मुकाबलों का शेड्यूल बाद में जारी किया जाएगा। बोर्ड ने बताया कि तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल और असम में होने वाले विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए आगे के मैचों की तारीखों और स्थानों पर फैसला किया जाएगा।

टीमों ने शुरू की तैयारी

आईपीएल 2026 को लेकर सभी टीमों ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। चेन्नई सुपर किंग्स, लखनऊ सुपर जायंट्स समेत अन्य टीमों के खिलाड़ी ट्रेनिंग कैंप में जमकर अभ्यास कर रहे हैं। इस बार रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू गत चैंपियन के रूप में मैदान में उतरेगी और उसका पहला मुकाबला सनराइजर्स हैदराबाद से होगा।

10 शहरों में खेले जाएंगे पहले 20 मैच

पहले चरण में कुल 10 शहरों के मैदानों पर मुकाबले खेले जाएंगे। इनमें बेंगलुरू, मुंबई, गुवाहाटी, न्यू चंडीगढ़, लखनऊ, कोलकाता, चेन्नई, दिल्ली, अहमदाबाद और हैदराबाद शामिल हैं।

चिन्नास्वामी स्टेडियम पर मैच को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू अपने 5 घरेलू मैच एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेलेगी, जबकि दो घरेलू मुकाबले रायपुर में आयोजित किए जाएंगे। हालांकि चिन्नास्वामी स्टेडियम में होने वाले मैचों को लेकर अभी स्थिति पूरी तरह साफ नहीं है।

दरअसल पिछले साल RCB की जीत के बाद स्टेडियम के बाहर भारी भीड़ के कारण भगदड़ मच गई थी, जिसमें 11 लोगों की मौत हो गई थी। इस घटना के बाद कर्नाटक सरकार ने एक एक्सपर्ट कमिटी गठित की थी। अब इस मैदान पर मैच कराने के लिए उसी कमिटी की मंजूरी जरूरी होगी।

News Rastra
Author: News Rastra

Leave a Comment

और पढ़ें