लखनऊ। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड जल्द ही UP Police Sub Inspector (SI) भर्ती परीक्षा 2026 के लिए एडमिट कार्ड जारी करने जा रहा है। जिन अभ्यर्थियों ने इस भर्ती परीक्षा के लिए आवेदन किया है, वे बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट uppbpb.gov.in पर जाकर अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकेंगे। परीक्षा में शामिल होने के लिए एडमिट कार्ड अनिवार्य दस्तावेज होगा, इसलिए उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि समय रहते इसे डाउनलोड कर लें।
एडमिट कार्ड में होंगी ये जरूरी जानकारियां
UP Police SI Admit Card 2026 में उम्मीदवारों से जुड़ी कई महत्वपूर्ण जानकारियां दी होंगी। इसमें अभ्यर्थी का नाम, रोल नंबर, परीक्षा की तारीख, परीक्षा का समय, शिफ्ट की जानकारी, रिपोर्टिंग टाइम और गेट बंद होने का समय दर्ज रहेगा।
इसके अलावा एडमिट कार्ड में उम्मीदवार की कैटेगरी, परीक्षा केंद्र से जुड़े निर्देश और परीक्षा के दौरान पालन किए जाने वाले नियम भी शामिल होंगे। यदि एडमिट कार्ड में किसी भी प्रकार की त्रुटि दिखाई देती है तो अभ्यर्थियों को तुरंत भर्ती बोर्ड से संपर्क करना चाहिए।
परीक्षा केंद्र पर क्या ले जाना जरूरी
परीक्षा में शामिल होने के लिए उम्मीदवारों को कुछ जरूरी दस्तावेज साथ ले जाने होंगे। अभ्यर्थियों को एडमिट कार्ड का साफ प्रिंटआउट, दो पासपोर्ट साइज फोटो और सरकार द्वारा जारी कोई वैध फोटो पहचान पत्र जैसे आधार कार्ड, पैन कार्ड, वोटर आईडी या ड्राइविंग लाइसेंस साथ रखना होगा।
बिना वैध पहचान पत्र के परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। वहीं परीक्षा हॉल में किताबें, नोट्स या किसी भी प्रकार की अध्ययन सामग्री ले जाना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस, कैलकुलेटर, टैबलेट सहित अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भी प्रतिबंधित रहेंगे। इसके अलावा उम्मीदवारों को बैग, पर्स और वॉलेट भी परीक्षा कक्ष में ले जाने की अनुमति नहीं होगी।
14 और 15 मार्च को होगी परीक्षा
यूपी पुलिस सब-इंस्पेक्टर भर्ती की लिखित परीक्षा 14 और 15 मार्च को आयोजित की जाएगी। यह परीक्षा दोनों दिनों में दो-दो शिफ्ट में होगी।
पहली शिफ्ट के लिए अभ्यर्थियों को सुबह 8 बजे तक परीक्षा केंद्र पर पहुंचना होगा और परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक चलेगी। वहीं दूसरी शिफ्ट के लिए रिपोर्टिंग समय दोपहर 1 बजे रहेगा और परीक्षा दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित की जाएगी।
ऐसे डाउनलोड करें एडमिट कार्ड
एडमिट कार्ड डाउनलोड करने के लिए सबसे पहले उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट uppbpb.gov.in पर जाएं। इसके बाद होमपेज पर दिए गए UP Police SI Admit Card 2026 लिंक पर क्लिक करें।
इसके बाद लॉगिन पेज पर अपना रोल नंबर और पासवर्ड दर्ज करें। लॉगिन करते ही एडमिट कार्ड स्क्रीन पर दिखाई देगा। अभ्यर्थी उसमें दी गई सभी जानकारी ध्यान से जांच लें और उसे डाउनलोड कर A4 साइज पेपर पर प्रिंट निकाल लें।










