दुबई एयर शो 2025 में शुक्रवार को भारत का स्वदेशी तेजस लड़ाकू विमान एक प्रदर्शन के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में पायलट की मौके पर ही मौत हो गई। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में साफ दिख रहा है कि तेज रफ्तार से आसमान में कलाबाज़ियां कर रहा तेजस अचानक नियंत्रण से बाहर हो गया और पल भर में जमीन से टकराकर जोरदार धमाके के साथ आग के गोले में बदल गया। घटना के बाद तुरंत आपातकालीन टीमें मौके पर पहुंचीं और अग्निशमन कार्य शुरू किया।
कैसे हुआ हादसा?
यह दुर्घटना स्थानीय समयानुसार दोपहर 2:10 बजे हुई, जब हजारों दर्शक एयर शो में विमानों के करतब देख रहे थे। बताया जा रहा है कि तेज मोड़ लेते समय पायलट विमान पर नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद तेजस तेज़ी से नीचे गिरा और रनवे क्षेत्र के पास क्रैश हो गया।
हादसे के बाद दुबई एयर शो को अस्थाई रूप से रोक दिया गया है। भारतीय वायुसेना ने हादसे की पुष्टि करते हुए कहा, “दुबई एयर शो 2025 में भारतीय वायुसेना का तेजस विमान दुर्घटनाग्रस्त हुआ है। घटना की जांच की जा रही है।”
तेजस: भारत का 4.5-जेनरेशन मल्टी-रोल फाइटर जेट
तेजस भारत में HAL द्वारा विकसित 4.5-जेनरेशन का अत्याधुनिक लड़ाकू विमान है। यह एयर-डिफेंस, ऑफेंसिव एयर सपोर्ट, क्लोज कॉम्बैट और समुद्री ऑपरेशंस के लिए तैयार किया गया है। तेजस को अपनी कैटेगरी में दुनिया के सबसे हल्के और सबसे कॉम्पैक्ट फाइटर जेट्स में गिना जाता है। इसकी डिजाइन और क्षमताएँ इसे भारतीय वायुसेना के लिए बेहद प्रभावी और अनुकूल स्वदेशी प्लेटफार्म बनाती हैं।
तेजस से जुड़ा दूसरा बड़ा हादसा
तेजस विमान से जुड़ी यह दूसरी बड़ी दुर्घटना है। इससे पहले 2024 में जैसलमेर के पास एक तेजस विमान क्रैश हुआ था।
दुबई एयर शो विश्व के सबसे बड़े एयरोस्पेस इवेंट्स में से एक है, जिसमें 150 देशों के 1,500 से अधिक प्रदर्शक और लगभग 1.48 लाख उद्योग विशेषज्ञ हिस्सा लेते हैं।
इस दुर्भाग्यपूर्ण दुर्घटना ने जहां भारत के स्वदेशी फाइटर प्रोग्राम को एक बार फिर से चर्चा में ला दिया है, वहीं अंतरराष्ट्रीय मंच पर भी इस हादसे ने गहरा असर छोड़ा है।










